इविंग क्रिश्चियन कॉलेज (ईसीसी) में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 जून से शुरू होने जा रही है। इसके साथ ही ईसीसी प्रशासन इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) की तर्ज पर छात्रों को बिना परीक्षा अगली कक्षा में प्रमोट करने की तैयारी कर रहा है। कॉलेज सभी छात्रों को प्रमोट करेगा या इविवि की तर्ज पर स्नातक तृतीय वर्ष एवं परास्नातक अंतिम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए यह व्यवस्था लागू होगी, इस पर निर्णय लेने के लिए कॉलेज प्रशासन जल्द ही बैठक करेगा।
ईसीसी अपनी प्रवेश परीक्षा अलग कराता है और इसके लिए आवेदन भी अलग से लेता है। इसके अलावा वार्षिक एवं सेमेस्टर परीक्षा भी ईसीसी अलग से कराता है। ईसीसी में पिछले साल तक ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों मोड में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया लागू थी लेकिन इस बार कोविड-19 का ध्यान में रखते हुए प्रवेश के लिए केवल ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे।
आवेदन की प्रक्रिया 20 जून से शुरू होने जा रही है। वहीं, परीक्षा के आयोजन को लेकर भी कॉलेज प्रशासन जल्द निर्णय ले लेगा।ईसीसी प्रशासन की तैयारी है कि इविवि की तर्ज पर कॉलेज के छात्रों को भी बिना परीक्षा पिछली परीक्षाओं में प्रदर्शन के आधार पर प्रमोट कर दिया जाएगा। लेकिन कॉलेज ने इस पर अंतिम निर्णय नहीं लिया है।
कॉलेज प्रशासन को इविवि के निर्णय का इंतजार था, ताकि उसी आधार पर कॉलेज में भी व्यवस्था लागू की जा सके। इविवि प्रशासन ने स्नातक अंतिम वर्ष और परास्नातक अंतिम सेमेस्टर के छात्रों को बिना परीक्षा अगली कक्षा में प्रमोट करने का निर्णय लिया है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण मोजेज का कहना है कि कॉलेज प्रशासन जल्द ही बैठक करेंगे और इविवि के आधार पर कॉलेज में भी परीक्षाओं के आयोजन एवं छात्र-छात्राओं को प्रमोट किए जाने के मामले में निर्णय लिया जाएगा।