निवर्तमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ अनिरूद्ध पंकज को हटाए जाने पर कांग्रेसियों ने आक्रोश जताया और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ भवन पर एकत्र होकर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष संजय तिवारी ने कहा कि 69000 शिक्षक भर्ती घोटाले में आरोपियों के गिरेबान तक पुलिस के हाथ पहुंच चुके थे।
जिसमें कैबिनेट मंत्री के पूर्व प्रतिनिधि समेत अन्य सफेदपोश नेताओं के नाम उजागर हुए थे। ऐसे में एक ईमानदार अफसर को जिले से हटाना सरकार के जीरो टोलरेंस जैसे बयान पर सवाल खड़ा करता है। कांग्रेस प्रदेश सचिव विवेकानंद पाठक ने एसएसपी के हटाए जाने के फैसले को वापस लेने की मांग की।
अनिल पांडेय, सुरेश यादव, अखिलेश यादव, जितेश मिश्रा, शशांक शर्मा, शकील अहमद, निखिल, अनुराग आदि मौजूद रहे। उधर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष नफीस अनवर ने आरोप लगाया कि बड़े नेताओं के नाम सामने आने की वजह से सरकार ने एसएसपी को हटाया गया। उन्होंने सरकार को इस फैसले को वापस लेने की मांग की।