आम शहरियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की सीख देने वाले भाजपा से जुड़े कई नेता खुद इसका पालन करना भूल गए। सोशल मीडिया पर उनकी एक तस्वीर वायरल हुई जिसमें वह सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करते दिखे और यूजरों ने उन्हें निशाने पर लेते हुए कार्रवाई की भी मांग की। कुछ ने तस्वीर पुलिस व प्रशासनिक अफसरों को ट्वीट करते हुए शिकायत की जिस पर एसएसपी ने मामले की जांच शुरू करा दी है।
सोशल मीडिया पर यह तस्वीर शुक्रवार दोपहर बाद वायरल हुई। इसमें मेयर अभिलाषा गुप्ता के साथ ही शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी व भाजपा से जुड़े कई पार्षद व पदाधिकारी नजर आ रहे हैं। तस्वीर वायरल होते ही चर्चा का विषय बन गई। दरअसल इसमें दिख रहे लोग सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन करते नहीं दिख रहे हैं।
तस्वीर के फ्रेम में आने के लिए लोग एक-दूसरे से बिल्कुल सटकर खड़े हुए दिखाई दिए। विधायक समेत तीन लोगों ने तो मास्क भी नहीं पहन रखा था। तस्वीर वायरल होते ही कुछ यूजरों ने इसे एसएसपी प्रयागराज व प्रयागराज पुलिस के ट्विटर हैंडल पर डालकर शिकायत की। एक यूजर ने लिखा कि चालान सिर्फ आम जनता का होगा या मास्क या सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने वाले इन नेताओं का भी होगा?
कई अन्य यूजरों ने भी इस ट्वीट पर कमेंट कर कार्रवाई की मांग की। उधर मामले की जानकारी पर एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने जांच शुरू करा दी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच एसपी सिटी को सौंपी गई है। कहा गया है कि जांच कर रिपोर्ट दें कि तस्वीर कब की है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। ताकि जुर्माना वसूला जा सके और भविष्य के लिए कोविड बचाव संबंधी सोशल डिस्टेंसिंग के परामर्श दिए जा सकें।