केमिस्ट ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी के बाद सर्जिकल गुड्स व्यापारी की रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आने से थोक दवा व्यापारी सहमे हैं। कोरोना के खौफ से बृहस्पतिवार को लीडर रोड का थोक दवा बाजार बंद रहा। पदाधिकारियों ने एडीएम सिटी से मुलाकात कर संक्रमित व्यापारियों के परिवारीजनों, कर्मचारियों की कोरोना जांच और बाजार की दुकानें सैनिटाइज कराने की मांग उठाई। शुक्रवार को भी एहतियातन बाजार बंद रहेगा। थोक दवा की दुकानें शनिवार को खुलेंगी।
थोक दवा बाजार लीडर के व्यापारियों को कोरोना के सामुदायिक प्रसार की आशंका है। एसोसिएशन के अध्यक्ष और सर्जिकल गुड्स व्यापारी की दुकानों में काम करने वाले, खरीदारी को आने वाले ग्राहक, उनके परिवारीजनों से संक्रमण फैलने का खौफ ज्यादा है। इस कारण व्यापारियों ने आपात बैठक में निर्णय लेकर बाजार बंद रखा।
एसोसिएशन के महामंत्री परमजीत सिंह के मुताबिक एडीएम सिटी से मुलाकात कर अध्यक्ष और एक अन्य व्यापारियों के संपर्कियों को चिह्नित करने की मांग की गई है। साथ ही बाजार की दुकानों को सैनिटाइज कराने का अनुरोध किया गया। व्यापारियों ने कहा कि दोनों व्यापारियों के परिवारीजनों, निकटस्थों और कर्मचारियों की जांच नहीं हो जाती बाजार एहतियातन बंद रहेगा।
महामंत्री के मुताबिक एडीएम सिटी ने सैनिटाइजेशन और जांच कराने का भरोसा दिलाया है। इसके बाद शनिवार को बाजार खुलेगा। प्रतिनिधिमंडल में विजय अरोरा, राजू गांधी, रोहित सिंह, जय कुमार दुबे, प्रिंस, हरीश जायसवाल आदि मौजूद रहे।