प्रयागराज। धूमनगंज में प्रॉपर्टी डीलर से 50 लाख का गुंडा टैक्स वसूलने के मामले में वादी का बयान दर्ज किया गया। पुलिस ने वादी मो. अशरफ सिद्दीकी से घटना के बाबत पूछताछ की और उससे घटना से संबंधित एक-एक तथ्यों की जानकारी ली। पुलिस अब वादी व आरोपियों की सीडीआर निकलवाने में जुटी है।
सूत्रों का कहना है कि सीडीआर से यह पता चल सकेगा कि आरोपियों की घटना वाले दिन लोकेशन क्या थी। इसके साथ ही आरोपियाें की तलाश भी शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस अब तक एक भी आरोपी को पकड़ नहीं सकी है। इनमें मरियाडीह निवासी आबिद प्रधान व उसके दो भतीजों समेत अन्य शामिल हैं।
हटव निवासी अशरफ ने अतीक अहमद के शूटर आबिद प्रधान व फरहान पर 50 लाख रंगदारी मांगने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया है कि 28 मई को करीब दोपहर दो बजे वह झलवा होते हुए पैतृक गांव हटवा अपने पिता को देखने जा रहे थे। तभी, आबिद ने अपने भतीजे जीशान व दानिश, अबूबकर, फैजान, कमर हारुन व जावेद संग मिलकर असलहा के बल पर बीच रास्ते गाड़ी रोक ली। गाड़ी से बाहर खींच लिया और गालियां देते हुए गाल पर थप्पड़ भी मारे। धूमनगंज एसीपी वरुण कुमार ने बताया कि विवेचना चल रही है।
जेल में बंद दूसरे शूटर से कराई बात
अशरफ का आरोप है कि आबिद ने मोबाइल फोन उसके कान में लगाकर अतीक के एक अन्य शूटर फरहान से बात कराई। फरहान ने फोन पर कहा कि 15 दिन में इन लोगों को 50 लाख रुपये दे देना, वरना तू व तेरा परिवार जिंदा नहीं रहेगा।