बिना गार्ड वाले एटीएम बूथों को निशाना बनाकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के कथित सरगना तोएफ खान उर्फ शोएब उर्फ मियां (23) को सिविल लाइंस पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
मूलरूप से प्रतापगढ़ के लीलापुर थाने के बुझवा गांव आरोपी के कब्जे से पुलिस ने अलग-अलग बैंकों के 28 डेबिट कार्ड, एटीएम हेल्पलाइन नंबर लिखे नौ विजिटिंग कार्ड और कैश निकलने वाली जगह पर लगाने वाली तीन प्लास्टिक की दफ्तियां बरामद की हैं। इसके अलावा प्लास, पेचकस, दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड की रंगीन फोटो कॉपी और घटना में प्रयुक्त कार भी मिली है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी और उसके साथी अलग-अलग शहरों में ऐसे एटीएम बूथों की तलाश करते थे, जहां सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं होते थे। इसके बाद बूथ के आसपास रहकर ग्राहक के आने का इंतजार किया जाता था। ग्राहक के एटीएम में प्रवेश करने के बाद आरोपी भी उसके पीछे बूथ में पहुंच जाता था। कैश निकलने वाली जगह पर पहले से तैयार प्लास्टिक की दफ्ती लगा देता था। इसके कारण एटीएम से निकली रकम बाहर आने के बजाय उसी में फंस जाती थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि एटीएम बूथ में अपना मोबाइल नंबर हेल्पलाइन नंबर के रूप में चस्पा कर देता था। मशीन में रुपये फंसने के बाद ग्राहक जब एटीएम बूथ पर दिए गए नंबर पर फोन करता तो आरोपी खुद ही फोन उठाता। बैंक के कस्टमर केयर कर्मचारी के तौर पर बात कर डेबिट कार्ड का पिन पूछ लेता था। जानकारी के बाद आरोपी डेबिट कार्ड और खाते से संबंधित धोखाधड़ी को अंजाम देता था।
गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
आरोपी के खिलाफ 2024 में फतेहपुर के थरियांव और 2025 में गैंगस्टर एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज हुई है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।