करेली के नयापुरा में रहने वाली 13 वर्षीय अंकिता उर्फ नैंसी घर के भीतर फांसी पर लटकी मिली। जिस वक्त घटना हुई, वह घर पर अकेली थी। उसने ऐसा क्यों किया, इस बारे में घरवाले भी कुछ बता नहीं पाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नया पूरा में रहने वाले संतलाल प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटियां हैं जिनमें 13 वर्षीय नैंसी सबसे बड़ी थी। वह कक्षा सात में पढ़ती थी लेकिन काफी दिनों से स्कूल बंद होने के चलते वह घर पर ही रह रही थी। शुक्रवार सुबह पिता काम पर चले गए। दोपहर में दो बजे के करीब मां भी दोनों छोटी बेटियों को लेकर पड़ोस में चली गई।
चार बजे के करीब संतलाल घर लौटा तो एक कमरे का दरवाजा भीतर से बंद मिला। बहुत पुकारने पर भी दरवाजा नहीं खुला तो उसे लगा कि पत्नी व बच्चे सो रहे हैं जिसके बाद वह नहाने चला गया। थोड़ी देर बाद पत्नी भी आ गई तो पता चला कि कमरे में नैंसी है। किसी तरह कमरे में झांककर देखा गया तो बेटी को फांसी पर लटका देख उनकी चीख निकल गई।
सूचना पर पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई। किशोरी को शव रोशनदान से दुपट्टे से बने फंदे पर लटक रहा था। जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। करेली पुलिस का कहना है कि घरवाले भी घटना की वजह नहीं बता पाए। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जांच पड़ताल की जा रही है।