विनीत ने बताया कि प्रत्यूष के कमरे का दरवाजा खुला था और वह बेड के नीचे पड़ा था। इसकी सूचना कोच वीर सिंह सहित हॉस्टल के अन्य कर्मचारियों और खिलाड़ियों को दी। साथी खिलाड़ियों ने प्रत्यूष को आननफानन तेज बहादुर सप्रू चिकित्सालय बेली लेकर गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर प्रत्यूष के परिजन भी आए। उनके बड़े भाई नितांत राय ने बताया कि वह बिल्कुल स्वस्थ था।
प्रत्यूष के दोस्तों ने उनसे बताया कि घटना के समय उसके मुंह से झाग निकल रहा था। नितांत के मुताबिक प्रत्यूष का पार्टनर उस दिन कमरे में नहीं था, वह घर गया था। कोच वीर सिंह ने बताया कि दिसंबर में गोरखपुर में राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स की टीम विजेता थी। प्रत्यूष भी उसका हिस्सा थे। दिसंबर के अंत में राजस्थान के झूंझनू जिले के पिलानी में वॉलीबॉल की जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम की ओर से उन्होंने प्रतिभाग किया था।
प्रत्यूष के पिता अवनी राय ने बताया कि प्रत्यूष का चयन खेल कोटे से फौज में हवलदार के पद पर हो गया था। वह पांच महीने की ट्रेनिंग के लिए असम गया था। घर में चचेरी बहन की शादी और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा देने के लिए वह ट्रेनिंग से घर आया था। मंगलवार को कर्नलगंज पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर वाराणसी के लिए रवाना हो गए।