महाकुंभ की महिमा और महत्व को सदी के महानायक अमिताभ बच्चन सुनाने लगे हैं। योगी आदित्यनाथ सरकार की पहल पर सुपर स्टार अमिताभ बच्चन के मुंह से महाकुंभ की गौरव गाथा लोग खूब सुन रहे हैं।
वीडियो क्लिप जारी होते ही सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तेजी से वायरल हो रही है। इसमें अमिताभ ने यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में मानवता की अमूर्त धरोहर के रूप में दर्ज महाकुंभ को देश के लिए गर्व का उत्सव बताया है। वर्ष 2019 के कुंभ में योगी सरकार ने अमिताभ को ब्रांड अंबेसडर बनाने का प्रस्ताव रखा था, तब उन्होंने इस आग्रह को स्वीकार नहीं किया था।
इस बार 13 जनवरी 2025 से शुरू हो रहे महाकुंभ की ब्रांडिंग बिग-बी रहे हैं। उन्होंने वीडियो के जरिये महाकुंभ की महिमा बताई है। महाकुंभ की ब्रांडिंग से जुड़े क्रमश: 35 और 45 सेकेंड के अमिताभ बच्चन के दो वीडियो जारी किए गए हैं।
वीडियो में अमिताभ बताते हैं कि मुझे दो-तीन बार कुंभ में जाने का सौभाग्य मिला है। जब-जब गया हूं वहां से अचंभित होकर ही लौटा हूं। इतने सारे लोग भक्ति और आस्था के लिए एक साथ एक जगह पर जुटते हैं और मानवता का यह महोत्सव सच में अद्भुत होता है। वह बताते है कि यूनेस्को ने भी इस कुंभ को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर माना है। यह हमारे देश के लिए बड़े गर्व की बात है।
इस वीडियो में बिग-बी ने अपने बचपन से जुडी यादें भी साझा की हैं। वह बताते हैं कि त्रिवेणी की मिट्टी शरीर में लगाकर मैं संगम में डुबकी लगाता था। अमिताभ बच्चन बताते हैं कि- कुंभ के साथ न जाने कितने यादें जुड़ी हुई हैं मेरी। मेरा तो बचपन ही बीता है प्रयागराज में। सुबह-सुबह चार बजे उठकर हम पहुंच जाते थे संगम स्नान करने।
पहले त्रिवेणी की मिट्टी को शरीर पर लगाकर फिर डुबकी लगाता था। मंत्र वगैरह तो पता नहीं होता था मगर होठों से कुछ बुदबुदाते जरूर थे। वह विश्व के इस सबसे बड़े सांस्कृतिक समागम के लिए संगम की रेती पर बसने वाली तंबुओं की नगरी में पहुंचने के लिए गंगा पर बनने वाले पांटून पुलों की भी तारीफ करते नहीं थकते। बिग बी बताते हैं कि पांटून पुल को देख हम सोचते थे कि इसे बनाया किसने होगा। इतने सारे लोगों का भार कैसे उठा लेता है यह पांटून पुल। बड़ा हुआ तो समझ आया। सचमुच अद्भुत होता है यह महाकुंभ।