फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रयागराजः विधानसभावार हर चरण का जल्द मिलेगा रुझान

Sun, 19 May 2019 12:53 AM IST
विनोद सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
चुनाव - फोटो : file
विज्ञापन
लोकसभा चुनाव में इस बार मतगणना का रिजल्ट सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) के टेबल से सीधे निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा। उसकी एक प्रति आरओ को भेजी जाएगी। रिजल्ट चरणवार अपलोड किया जाएगा। इससे विश्वसनीयता बढ़ने के साथ आयोग की वेबसाइट पर जल्द रिजल्ट अपलोड होने की बात भी कही जा रही है। यानी, लोगों को विधानसभावार रिजल्ट की जानकारी गिनती पूरी होने के साथ ही मिलती रहेगी। इसके मद्देनजर प्रत्याशियों के एजेंट की तैनाती व्यवस्था में भी परिवर्तन किया गया है।

विज्ञापन

प्रत्याशियों तथा उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक में अफसरों ने मतगणना की प्रक्रिया को स्पष्ट किया। इलाहाबाद और फूलपुर लोकसभा के अलावा भदोही की दो विधानसभा की गणना मुंडेरा मंडी परिसर में होगी। हर विधानसभा की मतगणना अलग-अलग 12 पांडाल में और एआरओ के निर्देशन में होगी। पूर्व में चरणवार मतगणना का रिजल्ट एआरओ की ओर से आरओ को भेजा जाता था। इसके बाद आरओ टेबल से उसे आयोग को भेजा जाता था।

 

चूंकि हर विधानसभा में चरणवार मतगणना एक साथ नहीं हो पाती, इसलिए किसी भी चरण की पूरी मतगणना आयोग तक भेजने में देरी होती था। लेकिन, नई व्यवस्था में हर विधानसभा का चरणवार मतगणना का रिजल्ट तत्काल मिलता रहेगा। साथ ही आयोग की वेबसाइट पर अपलोड होता रहेगा। नई व्यवस्था के तहत मतगणना के दौरान प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया है। हर पांडाल में 14 टेबल पर मतगणना होगी। हर टेबल पर एजेंट तो तैनात रहेंगे ही, एआरओ के टेबल पर भी प्रतिनिधि रहेंगे। अफसरों ने प्रत्याशियों के सामने मतगणना से संबंधित अन्य बिंदुओं को भी स्पष्ट किया।

दोनों लोकसभा क्षेत्रों में पोस्टल मतों की गणना चार-चार टेबल पर होगी। गिनती आरओ टेबल के पास लगेगी। सभी टेबल पर प्रत्याशियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। इनके अलावा एक प्रतिनिधि आरओ टेबल पर भी होगा। प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों को नाश्ता, खाना लाने के लिए भी इस बार हर पांडाल में एक-एक एजेंट को पास दिया जाएगा।

विज्ञापन


इलाहाबाद और फूलपुर दोनों लोकसभा क्षेत्रों में चार-चार ईवीएम ऐसे हैं, जिनके मॉक पोल के मत हटाए नहीं गए हैं। ऐसे आठ बूथ के ईवीएम की गिनती वीवीपैट से करने का निर्णय लिया गया है। इन बूथों की मतगणना सबसे आखिर में होगी। इन्हें किसी चरण में भी शामिल नहीं किया जाएगा।

दोनों लोकसभा क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक बूथ पर ईवीएम बदली गई है। इनमें से कई बूथों पर मतदान के दौरान ईवीएम बदली गई। ऐसे बूथों के दोनों ईवीएम में पड़े मतों की गिनती होगी। इनमें से हटाए गए ईवीएम में पड़े मतों की पहले गणना होगी।

मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। शनिवार को सर्विस मतों की गिनती करने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसी क्रम में विधानसभावार मतगणना में 800 कर्मचारी लगाए जाएंगे। उन्हें 20 और 22 मई को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण मेयोहाल चौराहा पास स्थित इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन के सभागार में होगा। 21 मई को मतगणना स्थल पर मॉक ड्रिल होगा। एआरओ की शनिवार को हुई बैठकम में मतगणना की प्रक्रिया और तैयारियों पर चर्चा हुई।

राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार भी मतगणना तथा उसकी प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। रविवार को दिन में तीन बजे तक वह यहां आ जाएंगे। मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 24 मई को लखनऊ वापस होंगे।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें