गंगा जल लेने आ रहे कांवड़िये की सड़क हादसे में मौत
मऊआइमा में ट्रक ने मारी टक्कर, मौके पर तोड़ दिया दम
मऊआइमा। हरिसेनगंज में गंगाजल लेने प्रयागराज आ रहे कांवड़िये राहुल कुमार(22) की सड़क हादसे में मौत हो गई। बाइक से आते वक्त ट्रक की टक्कर से वह गंभीर रूप से चोटिल हो गया। कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
राहुल पुत्र हीरालाल प्रतापगढ़ मानधाता के कुलीपुर गांव का रहने वाला था। वह रविवार को बाइक से गांव के ही दो दोस्तों मदनलाल व शिवा के साथ जलाभिषेक के लिए बाबा विश्वनाथ धाम जाने के लिए घर से निकला। इससे पहले वह गंगाजल लेने के लिए प्रयागराज आ रहे थे। अभी वह हरिसेनगंज में पहुंचे थे कि तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे तीनों सड़क पर गिर पड़े जिसमें राहुल गंभीर रूप से चोटिल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया जाता, इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। हालांकि देर रात पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से ट्रक का पता लगा लिया। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।