मेजा के एक गांव में शराब के नशे में धुत होकर वहशी पिता ने अपनी ही सात साल की बेटी की अस्मत लूट ली। बेटी की चीख सुनकर मां जागी तो शोर मचाकर ग्रामीणों को इकट्ठा किया। आरोपी की जमकर पिटाई की गई। पुलिस ने दुराचार और पाक्सो एक्ट की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
गांव वालों के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है। बुधवार देर रात वह नशे में धुत होकर घर पहुंचा। रात में उसने अपनी ही सात साल की बेटी से दुष्कर्म किया तो वह चीखने लगी। बच्ची की मां जागी तो वह हतप्रभ रह गई। उसने शोर मचाकर ग्रामीणों को इकट्ठा किया। आरोपी की हरकत देखकर ग्रामीण गुस्से में उसे पीटने लगे। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने भी उसकी हरकत पर उसे जमकर पीटा। उसे ले जाकर लॉकअप में बंद कर दिया। मेजा कोतवाल मनोज कुमार पाठक ने बताया कि बच्ची की मां की तहरीर पर पिता के खिलाफ आईपीसी की दफा 376 और पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।