चारा मशीन में फंसने से रिटायर्ड दरोगा के बेटे की गई जान
0 नवाबगंज के पूरे घासी गांव में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
नवाबगंज। पूरे घासी गांव में बृहस्पतिवार की सुबह ट्रैक्टर से चारा काटते वक्त मशीन में हाथ फंसने सोनू यादव की मौत हो गई। रिटायर्ड दरोगा हरिश्चंद्र यादव का बेटा सोनू 25 साल का था। जवान बेटे की मौत से घर में मातम छा गया। घर वालों का रो रोकर बुरा हाल था। घर वालों ने पोस्टमार्टम कराए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
नवाबगंज पूरे घासी गांव निवासी रिटायर्ड दरोगा हरिश्चंद्र यादव उर्फ चंदर का बेटा सोनू यादव घर पर रहकर खेती किसानी करता था। बृहस्पतिवार की सुबह घर के पास अपने निजी ट्रैक्टर से मवेशियों के लिए चारा काट रहा था। अचानक चारा मशीन में सोनू का हाथ फंस गया। ट्रैक्टर की रफ्तार थमी नहीं, इसी बीच चारा मशीन का डाला भी टूट गया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग आ गए। चारा मशीन में फंसे सोनू को बाहर निकाला गया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। सोनू चार भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई मोनू रेलवे विभाग में कर्मचारी है। सोनू की शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी लेकिन पत्नी से अनबन होने की वजह से रिश्ता टूट गया था। मां ज्ञान देवी व परिजनों का रो रो कर बुरा हाल रहा।