Prayagraj: firing in transaction dispute, advocate injured
- फोटो : CITY DESK
शिवकुटी के मेहंदौरी मोड़ के पास मंगलवार शाम लेनदेन के विवाद में जिला न्यायालय के अधिवक्ता अकरम फैसल पर फायरिंग की गई। उनका आरोप है कि 5.30 लाख रुपये के विवाद में उन पर हमला किया गया। गोली पैर में लगने से जख्मी अधिवक्ता को सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। मामले में एक नामजद समेत 11 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में भी ले लिया है।
मेहंदौरी निवासी अकरम 2015 में इविवि छात्रसंघ महामंत्री का चुनाव भी लड़ चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने बताया कि कीडगंज निवासी अनुज से उनका 5.30 लाख रुपये का विवाद चल रहा है।
जिसने बालू के कारोबार के लिए उनसे रुपये उधार लिए थे। अधिवक्ता का आरेाप है कि मंगलवार शाम साढ़े चार बजे के करीब अनुज कई अज्ञात लोगों के साथ कार पर सवार होकर उसके घर के बाहर पहुंचा। इसके बाद रुपये देने के बहाने कुछ दूर पर अपने साथ ले गया। फिर वहां खड़ी कार में बैठाकर मेहंदौरी मोड़ के पास ले गया और विवाद करने लगा।
इसी दौरान फायरिंग की गई जिसमें अधिवक्ता जख्मी हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल अधिवक्ता को अस्पताल ले गई। उधर भाग रहे हमलावरों को कीडगंज क्षेत्र से कार समेत पकड़ लिया गया। शिवकुटी थाना प्रभारी महेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर एक नामजद व 10 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। भागते वक्त दो हमलावरों को कार समेत पकड़ा गया है जिनके कब्जे से एक तमंचा भी बरामद हुआ। जांच पड़ताल की जा रही है।
फांसी के फंदे पर लटका मिला रेलकर्मी
शिवकुटी के भुलई का पूरा निवासी रेलकर्मी आशीष कुमार कनौजिया मंगलवार को घर के भीतर फांसी पर लटका मिला। पुलिस इसे खुदकुशी बता रही है। आशीष (32) पुत्र हुकुमचन्द्र रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। वह पत्नी रेखा व बेटे के साथ रहता था। पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह किसी बात से क्षुब्ध होकर उसने घर के भीतर ही फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों ने यह भी बताया कि एक दिन पहले ही वह परिवार को घुमाने ले गया था। पुलिस का कहना है कि उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण नहीं पता चल सका।
Prayagraj: firing in transaction dispute, advocate injured- फोटो : CITY DESK