उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के प्रयागराज मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में माल ढुलाई के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। मालभाड़ा के क्षेत्र में मंडल ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 843.63 करोड़ रुपये की आय की, जो पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 के 812.04 करोड़ रुपये की तुलना में 3.9 फीसदी अधिक है।
वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 7.945 मिलियन टन लोडिंग प्राप्त की गई जो पिछले वर्ष के 7.436 मिलियन टन की तुलना में 6.9 प्रतिशत अधिक है। यह आंकड़ा मंडल के इतिहास का दूसरा सर्वोच्च लोडिंग प्रदर्शन है। अगस्त 2025 में फतेहपुर से चावल की लोडिंग प्रारंभ की गई, जबकि मार्च 2026 में पनकी धाम से पोल्ट्री फीड का नया ट्रैफिक शुरू किया गया।
पार्सल एवं लगेज आय में भी मंडल की प्रगति उल्लेखनीय रही। इस अवधि में 15.05 करोड़ रुपये की आय अर्जित की गई जो पिछले वर्ष की तुलना में 5.61 प्रतिशत और निर्धारित लक्ष्य से 14.95 करोड़ रुपये अधिक रही। वहीं, विविध आय 39.05 करोड़ रुपये रही, जो 10.78 फीसदी अधिक और लक्ष्य से 9.66 फीसदी अधिक है। अनलोडिंग के क्षेत्र में मंडल ने 47.83 मिलियन टन का सर्वाधिक आंकड़ा प्राप्त किया जो पिछले वर्ष के 44.54 मिलियन टन की तुलना में 7.39 फीसदी अधिक है।
इस उपलब्धि के साथ प्रयागराज मंडल देशभर के मंडलों में नौवें स्थान पर रहा। प्रयागराज मंडल, एनसीआर के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह का कहना है कि मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/गुड्स अतुल यादव के निर्देशन में प्रयागराज मंडल ने यह उपलब्धि हासिल की है।