फंदे से लटककर किशोर ने दी जान
उतरांव थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में एक किशोर ने रविवार की दोपहर फंदे से लटककर जान दे दी। सूचना पर उतरांव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना का कारण मानसिक तनाव बताया जा रहा है। जलालपुर गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार का इकलौता बेटा विकास (16) रविवार दोपहर के समय दरवाजा अंदर से बंद करके छत में लगे चूल्ले से गमछे का फंदा बनाकर लटक गया। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर परिवार के लोगों को आशंका हुई तो उन्होंने खिड़की से झांका। देखा कि विकास का शव फंदे से लटक रहा है। जिसे देख उनके होश उड़ गए। इस दौरान पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जांच कर रही है।
प्राइवेट हॉस्टल की वार्डेन ने फांसी लगाकर जान दी
कर्नलगंज थाना क्षेत्र के नया कटरा की रहने वाली रेखा ने शनिवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय घर वाले शादी समारोह में गए थे। जब वे वापस लौटे तो घटना का पता चला। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घर वाले भी कोई कारण नहीं बता पाए। नया कटरा के रहने वाले मातादीन की बेटी रेखा (28) पास में ही एक निजी महिला हॉस्टल में वार्डेन थी।
शनिवार की शाम घर वाले एक शादी समारोह में गए थे। रेखा को भी जाना था लेकिन उसने कहा था कि उसकी तबियत ठीक नहीं है। इसके बाद घर वाले चले गए। देर रात जब वे वापस लौटे तो देखा रेखा ने दुपट्टे से फांसी लगा ली थी। पुलिस को सूचना दी गई। कमरे से कोई सुसाइड नहीं मिला। घर वालों ने बताया कि रेखा ने कभी किसी विवाद के बारे में नहीं बताया था।