Prayagraj darshan starts with helicopter
प्रयागराज। हेली दर्शन के तहत त्रिवेणी संगम के ऊपर हवाई सैर बृहस्पतिवार को शुरू हो गई। पहले दिन हेलीकॉप्टर से प्रयागराज के धार्मिक,पौराणिक व ऐतिहासिक महत्व के स्थलों की सैर संगम से लेकर नैनी यमुना ब्रिज तक कराई गई। हेलीकॉप्टर से प्रयागराज दर्शन की यह योजना निजी क्षेत्र की कंपनी प्रबल इवेंट आर्गनाइजर्स की ओर से शुरू की गई है। शुक्रवार को दोपहर दो से शाम पांच बजे तक हेलीकॉप्टर उड़ान भरेगा।
तेलियरगंज स्थित नादर्न रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी के परिसर में हेलीकॉप्टर तीन बजे उतरा। इस दौरान पर्यटकों के अलावा अन्य लोगों की भी भीड़ लगी थी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल की क्लीयरेंस के बाद हेलीकॉप्टर ने शाम चार बजे पहली उड़ान भरी। इस दौरान त्रिवेणी संगम, गंगा-यमुना के तटीय क्षेत्र, अकबर के किले के अलावा नैनी ब्रिज, खुसरोबाग, इविवि होते हुए हेलीकॉप्टर एनआरआईपीटी परिसर पहुंचा। पहले दिन यहां से तीन बार की उड़ान में कुल 15 लोगों को हेलीकॉप्टर से प्रयागराज दर्शन कराया गया। हालांकि इस दर्शन योजना की शुरुआत के लिए डीएम को पहुंचना था, लेकिन व्यस्तता के चलते वह नहीं आ सके। इस मौके पर कंपनी के संचालक स्वतंत्र कुमार उपस्थित थे।