आधा किलो चांदी, दो तोला सोना और दो हजार रुपये लूटे
पीड़ित ने बदमाशों की बाइक की चाभी छीन ली तो किया फायर, गाड़ी छोड़कर भागे, एक को ग्रामीणों ने पकड़ा
होलागढ़। गंगापार के होलागढ़ थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में गुरुवार की शाम अपाचे सवार बदमाशों ने सराफ बृजेंद्र सोनी से आभूषण और नकदी लूट ली। सराफ ने बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों के बाइक की चाभी छीनी तो उन्होंने फायरिंग कर दी। लोगों को देखकर बदमाश गाड़ी छोड़कर भाग निकले लेकिन एक को पकड़ लिया गया। दोनों बदमाशों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
बहादुरपुर गांव के बृजेंद्र सोनी उर्फ मुन्ना की प्रतापगढ़ के बाघराय के कमासिन बाजार में आभूषण की दुकान है। वह गुरुवार की शाम दुकान बंद कर बैग में आभूषण रखकर गांव की ओर चल दिया। वह बहादुरपुर गांव के पास पहुंचा ही था कि अपाचे गाड़ी पर सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया और उसका बैग छीन लिया। एक बदमाश ने तमंचा लिया था। डर के मारे बृजेंद्र बैग और दो हजार रुपये दे दिए लेकिन फिर हिम्मत दिखाते हुए अपाचे की चाभी छीन ली। बदमाशों ने पहले उसे डराया धमकाया फिर गोली चला दी। हालांकि गोली उसे लगी नहीं। गोली की आवाज सुनकर लोग दौड़े तो बदमाश बाइक छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों ने दौड़ाकर एक बदमाश को पकड़ लिया। प्रभारी थानाध्यक्ष मंगल सिंह ने बताया कि बदमाश के पास से खाली बैग मिला है। उसको लेकर पुलिस टीम दबिश दे रही है। रात तक दोनों बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। बृजेंद्र सोनी ने बताया कि बैग में आधा किलो चांदी, दो तोला सोना और दो हजार रुपए थे।