कोरोना के सबसे अधिक मामले पुराने शहर में मिलने के कारण सीरो सर्वे करने की योजना इन्हीं इलाकों में बनाई गई है। जिले में सीरो सर्वे अभियान 26 अगस्त से शुरू होगा, जोकि पांच दिनों तक चलेगा। इसमें कोविड-19 के खिलाफ एंटीबॉडी टेस्ट किया जाएगा।
कोरोना के नोडल ऑफिसर डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि शहर में कोरोना के ज्यादातर मरीज खुल्दाबाद, कीडगंज, मुट्टीगंज, रानीमंडी, मालवीयनगर, दारागंज, अल्लापुर, नयापुरवा, अतरसुइया, करेली, करेलाबाग, राजापुर, कटरा, राजरूपपुर, चकिया, धूमनगंज, साउथ मलाका, सिविल लाइंस, जार्जटाउन, झूंसी, नैनी आदि इलाकों में मिल रहे हैं।
ग्रामीण इलाकों में हंडिया, शंकरगढ़, जसरा, कोरांव, फूलपुर मुख्य इलाके हैं, जहां कोरोना के सबसे अधिक मरीज मिले हैं। इन्हीं इलाकों में पांच दिनों तक सीरो सर्वे किया जाएगा। इस अभियान में 10 टीमें लगेंगी, जो इलाकों में पहुंचकर लोगों को एंटीबॉडी टेस्ट करेंगी।