बहुजन समाज पार्टी से एमएलसी रह चुके सेंट जान एकेडमी, रामपुर, औद्योगिक क्षेत्र के संस्थापक सदस्य सीवी इन्निस, पत्नी एवं बेटी के खिलाफ उनकी विधवा बहू शिल्पी इन्नीस ने संस्था के नाम पर करोड़ो रुपये के गबन का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि औद्योगिक क्षेत्र के रामपुर ब्यौहरा स्थित सेंट जान एकेडमी स्कूल, सोसाइटी फार द प्रमोशन आफ द एजूकेशन एडवंचर स्पोर्ट्स एंड कर्न्सवेशन आफ इनवायरमेंट, फेयरीडेल इस्टेट के तहत संचालित है। जिसके अध्यक्ष पूर्व एमएलसी सीवी इन्नीस और सचिव उनके बेटे मिचेल इन्नीस उर्फ बाबा भैया थे। मिचेल इन्नीस की पत्नी शिल्पी इन्नीस संस्था में कार्यकारिणी सदस्य हैं।
शिल्पी इन्नीस के मुताबिक 23 अगस्त 2016 को बाबा इन्नीस की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उसके ठीक पांचवे दिन 28 अगस्त को शिल्पी इन्नीस को उनके ससुर ने स्कूल के प्रींसिपल पद से हटा दिया था। उसके बाद संस्था के कागजातों में धोखाधड़ी करके करोड़ो रुपये का गबन किया गया। शिल्पी इन्नीस का आरोप है कि उनके ससुर सीवी इन्नीस के अलावा मिशेल सिंह, कोषाध्यक्ष एवं डोरिंडा इनिस ने मिलकर संस्था के कागजातों में हेरफेर करके पहले लाखों और फिर करोड़ो का गबन किए और अभी भी कर रहे हैं।
शिल्पी इन्नीस का आरोप है कि कागजातों में हेरफेर करके अपनी जमीन और इमारत का किराया ले रहे हैं। उनकी शिकायत पर औद्योगिक क्षेत्र थाने में 20 अगस्त को संस्था के अध्यक्ष सीवी इन्नीस, सचिव मिशेल सिंह और कोषाध्यक्ष डोरिंडा इन्नीश (सास) के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 0223 के तहत धारा 419, 420, 467, 468, 471, 406 व 409 आईपीसी के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। बता दें कि इससे पहले भी धोखाधड़ी के केस में ही सीवी इन्नीस जेल जा चुके हैं। औद्योगिक क्षेत्र के इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।