सोरांव में निजी अस्पताल के संचालक डॉक्टर से कई मरीजों में संक्रमण फैलने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पिछले दस दिनों मेें कई मरीजों को उन्होंने परामर्श दिया है।
पांच दिनों पूर्व उनकी तबीयत खराब हुई तो वे पीजीआई चले गए। वहां से उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोरोना के नोडल इंचार्ज डॉ. ऋषि सहाय ने कहा कि पॉजिटिव आए लोगों के संपर्क में आए सभी लोगों की सूची तैयार की जा रही है। कुछ लोगों को क्वारंटीन करा दिया गया है। जल्दी ही जांच कराई जाएगी।
इधर, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने जिन इलाकों से कोरोना के नए मामले सामने आए हैं, उन्हें हॉटस्पॉट घोषित कर दिया है। अब उन सभी इलाकों में कंटेन्मेंट एक्टिविटी कराई जाएगी।
साथ ही पॉजिटिव आए लोगों के संपर्क में आने वाले लोगों को क्वारंटीन कराकर कोरोना जांच कराए जाने की तैयारी कर ली है। दूसरी ओर, पत्रकार कॉलोनी में संक्रमित मिले युवक के सोर्स का पता नहीं चल सका है। युवक की कोई टूर हिस्ट्री नहीं है और वह किसी संक्रमित के संपर्क में नहीं रहा।