धार्मिक, राजनीतिक, सामाजिक, सामूहिक आयोजनों पर 30 सितंबर तक रोक लगा दी गई है। इस दौरान धार्मिक जुलूस, झांकियों आदि आयोजनों पर भी रोक रहेगी। इस बाबत शासन की ओर से बुधवार को आदेश जारी कर दिया गया।
शासन ने अनलॉक-4 के तहत सामूहिक आयोजन पर रोक जारी रखने का आदेश दिया है। अफसरों के अनुसार अभी सामूहिक आयोजनों को लेकर आदेश जारी हुआ है लेकिन कोविड के संक्रमण को देखते हु्रए अन्य गतिविधियों में भी आगे कोई राहत मिलती नहीं दिख रही।
एडीएम सिटी अशोक कुमार कनौजिया ने बताया कि राजनीतिक आंदोलन, सभा समेत अन्य सभी तरह के सामूहिक आयोजन इस दौरान प्रतिबंधित रहेंगे। उनका कहना है कि शासन के निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा।
रामलीला, सार्वजनिक दुर्गापूजा पर भी ग्रहण
रामलीला, सार्वजनिक दुर्गापूजा आदि आयोजनों पर भी रोक लगने की आशंका बन गई है। चूंकि रामलीला और दुर्गापूजा, दशहरा आदि धार्मिक आयोजन अक्तूबर में होने हैं और अभी 30 सितंबर तक ही ऐसे आयोजनों पर रोक संबंधी आदेश दिया गया है। इसलिए प्रशासनिक अफसर इस बारे में अभी कुछ बोलने से बच रहे हैं लेकिन कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए आगे भी किसी तरह के सामूहिक आयोजनों की अनुमति की उम्मीद नहीं है।