नैनी जेल में बुधवार को एक साथ 36 कैदी कोरोना संक्रमित मिले। जेल में तीन दिन पहले भी 15 कैदी पॉजिटिव मिले थे। एक साथ इतनी संख्या में कैदियों के संक्रमित होने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। सभी कैदियों की जांच कराई जाएगी।
इसके अलावा एनटीपीसी मेजा में भी एक साथ 17 कर्मचारी संक्रमित पाए गए। मंगलवार को भी यहां 13 कर्मचारी व एक इंजीनियर पॉजिटिव आए थे। इसके अलावा बेली अस्पताल के मेडिकल अफसर समेत कई स्वास्थ्य कर्मचारी, बैंक कर्मचारी और पुलिस कर्मी संक्रमित हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बुधवार को रेलवे का एक असिस्टेंट लोको पायलट, सीआरपीएफ का एक जवान, तीन अधिवक्ता, एचडीएफसी बैंक के मैनेजर, बिग बाजार का कर्मचारी, बैंक ऑफ बड़ौदा सैदाबाद का बैंक मैनेजर, आरएएफ के तीन जवान, नैनी जेल के 36 कैदी, एनटीपीसी मेजा के 17 कर्मचारी पॉजिटिव पाए गए।
इसके अलावा बाईका बाग स्थित एसबीआई के वरिष्ठ सहायक, आरटीओ कांस्टेबल फतेहपुर, फूलपुर थाने का कांस्टेबल, साफ्टवेयर इंजीनियर, बलरामपुर जिले में तैनात कानूनगो, ऑडिटर सीडीए पेंशन, सीएचसी बीपीसीएम, बेली अस्पताल का इमरजेेंसी मेडिकल अफसर, सांसद फूलपुर का दूसरा चालक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कौड़िहार व निजी डेंटिस्ट में भी कोरोना का संक्रमण मिला।
कोरोना के नोडल ऑफिसर डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि नैनी जेल में दस दिनों में करीब 75 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा एनटीपीसी में भी यही स्थिति है। फूलपुर सांसद का एक चालक मंगलवार को पॉजिटिव आया था।