दुष्कर्म के आरोपी सीएमपी डिग्री कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर मदन यादव के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। यह कार्रवाई उसके खिलाफ दुष्कर्म मामले के गवाह को फर्जी तरीके से जेल भेजवाने के आरोप में दर्ज मामले में की गई है। जार्जटाउन थाने में दर्ज इस मामले में आरोपी पहले ही जेल भेजा जा चुका है। जबकि हंडिया के पूर्व इंस्पेक्टर बृजेश यादव समेत अन्य फरार हैं।
जार्जटाउन थाने में कुछ दिनों पहले यह मामला दर्ज कराया गया था। जिसमें इंस्पेक्टर व एक एसआई के अलावा असिस्टेंट प्रोफेसर को भी नामजद किया गया था। साथ ही अन्य अज्ञात को भी आरोपी बनाया गया था। कर्नलगंज निवासी दुष्कर्म पीड़िता की ओर से यह मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिसमें आरोप लगाया था कि दबाव बनाने के लिए उसके मुकदमे के गवाह को मदन यादव व अन्य ने पुलिसकर्मियों से मिलकर साजिशन फर्जी तरीके से जेल भेजवा दिया।
पीड़िता की ओर से शिकायत पर एडीजी जोन प्रेमप्रकाश ने मामले की जांच कराई थी। जिसमें आरोप सही मिलने पर तत्कालीन हंडिया इंस्पेक्टर बृजेश के अलावा तत्कालीन सर्विलांस प्रभारी संजय सिंह यादव समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद विवेचना में लापरवाही पर जार्जटाउन थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर शिशुपाल शर्मा, एसआई बलवंत यादव व एसआई महेश चंद को भी निलंबित किया गया था। जार्जटाउन थाने में दर्ज मुकदमे की विवेचना सीओ कर्नलगंज अजीत सिंह चौहान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।