यह था पूरा मामला
कैंट के नेवादा में रहने वाली 11वीं की छात्रा पलक जायसवाल (16) ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों का कहना है कि उसने कॉलेज की शिक्षिका का डांस करते हुए वीडियो व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाया था। जिसे लेकर क्लास टीचर ने घटना से कुछ देर पहले ही उससे बात की थी। छात्रा का पिता लवकुश जायसवाल प्राइवेट जबकि मां घरेलू काम करती है। वह नेवादा में अपने छोटे भाई व माता-पिता के साथ रहती थी। वह मेरीवाना मेकर स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी। शुक्रवार को माता-पिता काम पर चले गए। पांचवीं में पढ़ने वाला छोटा भाई सिद्धार्थ भी स्कूल चला गया। दोपहर में एक बजे के करीब छोटा भाई आया तो पलक फंदे पर लटकी हुई थी।
उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग आ गए और फिर उसे उतारकर एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।मां ने बताया कि पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर स्कूल में एक शिक्षिका ने डांस किया था। बेटी ने इसका वीडियो बनाकर व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाया था।
बृहस्पतिवार सुबह क्लास टीचर का फाेन आया और उन्होंने इस पर आपत्ति जताते हुए वीडियो स्टेटस से हटाने को कहा। उसने बताया तो बेटी ने क्लास टीचर को फोन किया। इसके बाद क्या हुआ, पता नहीं। बाद में उसके फांसी लगाने की बात सामने आई। कैंट इंस्पेक्टर रुकुमपाल सिंह का कहना है कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम शनिवार को कराया जाएगा।