कोविड-19 के संक्त्रस्मण से निबटने के लिए प्रयागराज से आक्सीजन सिलिंडर की आपूर्ति का रास्ता साफ हो गया है। सबकुछ ठीक रहा तो अगले दो महीने के भीतर इस प्लांट से लगभग छह हजार आक्सीजन सिलिंडर की आपूर्ति आरंभ हो जाएगी। प्रदेश सरकार की पहल पर बंद पड़ी कंपनी भारत पंप एंड कंप्रेशर्स लिमिटेड को चालू करने के लिए लखनऊ से आई ब्यूरो इंडियन स्टैंडर्ड (बीआईएस) की टीम ने प्लांट का निरीक्षण कर रिपोर्ट सरकार को भेज दी है।
महामारी से मचे हाहाकार के बीच जहां आक्सीजन सिलिंडर की कमी की वजह से लोगों की जान जा रही है, वहीं इस किल्लत को दूर करने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। रविवार को उत्पादन से जुड़े अफसरों ने प्लांट में कच्चे माल की उपलब्धता से लेकर अन्य संसाधनों का जायजा लिया। आक्सीजन सिलिंडर की कमी दूर करने के लिए योगी सरकार की पहल पर लखनऊ से बीआईएस की टीम की ओर से प्लांट का मुआयना किए जाने के साथ ही वहां सिलिंडर निर्माण की दिशा में काम शुरू हो गया है।