जंक्शन से नई दिल्ली जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस के खाते में बुधवार को एक और उपलब्धि दर्ज हो गई। प्रयागराज एक्सप्रेस 24 एलएचबी कोच वाली देश की पहली ऐसी ट्रेन हो गई, जिसकी अधिकतम रफ्तार 130 प्रति घंटा है। अभी तक देश में अधिकतम 22 एलएचबी कोच वाली ट्रेनें ही अधिकतम 130 की रफ्तार से दौड़ रही हैं। प्रयागराज की रफ्तार बढ़ने की वजह से अब वह दिल्ली पहुंचने में भी पहले के मुकाबले 40 मिनट कम समय लेगी। बुधवार को यह गाड़ी अपने नए समय रात 9.30 बजे की बजाय रात 10.10 बजे रवाना हुई।
प्रयागराज एक्सप्रेस के खाते में नई उपलब्धि दर्ज होने के अवसर पर जीएम एनसीआर राजीव चौधरी भी जंक्शन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ट्रेन के चालक दल, अनुरक्षण, वाणिज्य और सुरक्षा कर्मियों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में लोको पायलट मो. अरशद खान, ट्रेन के सह-लोको पायलट अनिल कुमार तिवारी, गार्ड अरविंद तिवारी, ट्रेन कैप्टन पीपी पांडे, ट्रेन पर कार्यरत सी एंड डब्ल्यू तकनीशियन देव दत्त सोनी और आरपीएफ हेड कांस्टेबल नित्यानंद राय शामिल रहे। ट्रेन की आकर्षक सजावट भी की गई।
जीएम ने इस मौके पर एनिमेशन आधारित कोविड-19 जागरूकता वीडियो गप्पू भैया को भी लांच किया। दरअसल, उत्तर मध्य रेलवे ने 2019 में एक एनीमेशन आधारित चरित्र गप्पू भैया बनाया था। इसके तहत रेल उपयोगकर्ताओं के लिए संरक्षा और सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर सार्वजनिक जन-जागरूकता एनीमेशन वीडियो शृंखला काफी लोकप्रिय हुई थी। इसकी रेलमंत्री पीयूष गोयल ने भी सराहना की।
उसी एनीमेशन-आधारित चरित्र ‘गप्पू भैया’ का प्रयोग अब कोविड-19 के अनुरूप उचित व्यवहार हेतु रेल उपयोगकर्ताओं के लिए जन-जागरूकता के उद्देश्य से वीडियो स्पॉट में किया गया है। इस अवसर पर डीआरएम मोहित चंद्रा समेत रेलवे के तमाम वरिष्ठ अफसर आदि मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर हमसफर एक्सप्रेस का भी समय बुधवार से बदल गया। इसकी रवानगी रात 10.10 बजे की जगह 10.30 बजे हुई।
16 जुलाई 1984 से चल रही है प्रयागराज एक्सप्रेस
प्रयागराज एक्सप्रेस दिल्ली जाने वाले यात्रियों की पंसदीदा ट्रेन है। 16 जुलाई 1984 से प्रारंभ हुई यह ट्रेन पिछले चार दशकों में यात्रियों के बीच बहुत लोकप्रिय रही है। तब 17 वैक्यूम ब्रेक वाले लाल रंग के डिब्बों के साथ इसकी यात्रा प्रारंभ हुई थी। इसे 2003 में 24 कोच नीले रंग के एयर ब्रेक स्टॉक में बदल दिया गया था। 16 दिसंबर, 2016 से इसका परिचालन 21 कोच वाले नवीनतम एलएचबी रेक के साथ किया जाने लगा। इस ट्रेन की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे दिनांक 18 दिसंबर 2016 को 22 कोच, 15 मई 2017 को 23 कोच और दो सितंबर 2019 से इसे अधिकतम 24 एलएचबी कोच तक बढ़ा दिया गया। अभी तक इसकी अधिकतम स्पीड 110 थी जो बुधवार से 130 किमी प्रति घंटा कर दी गई।
पहले की तरह सात बजे ही दिल्ली पहुंचेंगी प्रयागराज
प्रयागराज एक्सप्रेस का जंक्शन से रवानगी का समय भले ही बढ़ा दिया हो, लेकिन ट्रेन पहले की तरह ही सुबह सात बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। ट्रेन के फतेहपुर ,कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद पहुंचने किस समय में भी बदलाव हुआ है। यह गाड़ी अप फतेहपुर रात 10:48 की जगह रात 11:16 कानपुर रात 12:15 की जगह रात 12:25 पर अलीगढ़ सुबह 4:26 की जगह 4:15 बजे एवं गाजियाबाद सुबह 6:13 की जगह 6:15 पर पहुंच जाएगी। उधर दिल्ली से भी प्रयागराज की रवानगी रात 10.10 बजे होगी।