पुलिस हिरासत से फरार 25 हजार का इनामी गुलशन कुमार त्रिपाठी बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। एसटीएफ लखनऊ की टीम ने सटीक सूचना पर उसे कोतवाली क्षेत्र से पकड़ा। उस पर कौशाम्बी व प्रयागराज के विभिन्न थानों में कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं।
कौशाम्बी स्थित सरायअकिल के कनैली गांव के रहने वाले गुलशन पर पिछले साल सामूहिक दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट का मामला दर्ज किया गया था। जिसके बाद से वह फरार हो गया था। दो फरवरी को सरायअकिल में पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से वह घायल हो गया था। जिस पर उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 23 फरवरी को शौचालय जाने के बहाने पुलिसकर्मियों को चकमा देकर वह पुलिस हिरासत से फरार हो गया था।
जिसके बाद उसके खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में कौशाम्बी में तैनात और घटना केवक्त कोविड ड्यूटी पर प्रयागराज में नियुक्त किए गए सिपाही को निलंबित भी किया गया था। पुलिस के साथ-साथ एसटीएफ की भी टीम गुलशन की तलाश में लगी थी। सटीक सूचना पर बृहस्पतिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने उसे कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया।