शहर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संभावित आगमन एवं वायु सेना की स्थापना दिवस के मौके पर होने वाले एयर शो की वजह से अगले माह कुछ तिथियों पर हवाई सफर पर संकट आ सकता है। बताया जा रहा है कि तीन से आठ अक्तूबर तक प्रयागराज एयरपोर्ट से संचालित इंदौर, रायपुर, लखनऊ और देहरादून फ्लाइट को निरस्त कर दिया गया है। चर्चा है कि छह से आठ अक्तूबर तक कुछ अन्य हवाई सेवा भी निरस्त रहेंगी या विलंब से चलाई जा सकती हैं।
दरअसल, वायुसेना का 91वां स्थापना दिवस इस बार प्रयागराज में आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर यहां वायु सेना की ओर से संगम के ऊपर एयर शो आयोजित होगा। एयर शो में कई हेलीकॉप्टर आदि बमरौली से ही संगम के ऊपर कलाबाजी दिखाने के लिए उड़ान भरेंगे, जबकि लड़ाकू विमान ग्वालियर, हिंडन, बरेली आदि एयरबेस से उड़ान भरकर यहां आएंगे और करतब दिखाएंगे।
एयर शो भले ही आठ अक्तूबर को हो, लेकिन वायुसेना द्वारा कुछ दिन पहले ही इसकी तैयारी शुरू की जा चुकी है। एयर शो के पूर्व छह अक्तूबर को फुल ड्रेस रिहर्सल भी होगा। इस दौरान भी आसमान में लड़ाकू विमान उड़ान भरेंगे। फिलहाल, एयर शो को देखते हुए प्रयागराज से लखनऊ, देहरादून, रायपुर और इंदौर जाने वाली उड़ानों को निरस्त कर दिया गया है।
इन शहरों को जाने वाली फ्लाइट की बुकिंग भी नहीं हो रही है, जिससे यात्री परेशान हैं। चर्चा इस बात की है कि छह से आठ अक्तूबर तक अभी कई और उड़ानें भी निरस्त हो सकती हैं। बता दें कि एयर शो दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे के बीच होना है। इसके अलावा विशेष विमान से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का भी आगमन संभावित है। ऐसे में उक्त अवधि में यात्री विमानों की आवाजाही अब शायद ही हो सके।