इंदिरा मैराथन में 42 किमी से अधिक की दूरी पूरी करने के बावजूद वाजिब सम्मान और हक से वंचित नौ वर्षीय काजल की अब जिला प्रशासन को भी याद आई है। मुख्यमंत्री से शिकायत के लिए प्रयागराज से लखनऊ तक दौड़ लगाने वाली काजल को डीएम संजय कुमार खत्री ने बुधवार को 5100 रुपये प्रोत्साहन राशि तथा किट प्रदान करने की घोषणा की। खेल विभाग की ओर से काजल के लिए प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की जाएगी।
पिछले वर्ष नवंबर महीने में आयोजित 36वें इंदिरा मैराथन में काजल निषाद आकर्षण का केंद्र रही। उसने चार घंटे बाइस मिनट में 42 किमी से अधिक दूरी की यह दौड़ पूरी की थी। जबकि, कई धावक यह दौड़ पूरी नहीं कर सके थे। उसकी इस उपलब्धि की बड़ी तारीफ हुई थी, लेकिन प्रशासन की ओर से उसे कोई सम्मान या प्रोत्साहन राशि नहीं दी गई थी। इससे निराश काजल शिकायत करने के लिए रविवार को सुभाष चौराहे से दौड़ते हुए लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय के लिए निकल पड़ी।