मुंडेरा मंडी में बिना मास्क के प्रवेश करने वाले 38 लोगों पर मंडी प्रशासन ने कार्रवाई की है। इन सभी से मंडी प्रशासन ने 200-200 रुपये का जुर्माना वसूले जाने की कार्रवाई की। इसके अलावा मंडी प्रशासन ने दो आढ़तियों के लाइसेंस भी निलंबित किए हैं। दोनों पर आरोप है कि वह थोक मंडी में फुटकर कारोबार भी कर रहे थे। दोनों ही आढ़तियों को सप्ताह भर में जवाब देने को कहा गया है। संतोष जनक जवाब न मिलने की स्थिति में उनका लाइसेंस पूर्ण रूप से निरस्त करने की बात मंडी प्रशासन ने की है।
लॉकडाउन लगने के बाद से ही मुंडेरा मंडी में सामाजिक दूरी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मंडी में बिना मास्क के प्रवेश पर मनाही है। फिर भी लोग बिना मास्क के ही वहां प्रवेश कर रहे हैं। इसे देखते हुए मंडी प्रशासन की ओर से कार्रवाई कर मंडी से 38 लोगों को बिना मास्क के पकड़ा गया। सभी पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया गया। कहा गया कि दोबारा कोई बिना मास्क के मिला जुर्माना 400 रुपये लिया जाएगा। इस बीच मंडी में स्थित दो आढ़तियों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं।
मंडी सचिव रेनू वर्मा ने बताया कि मेसर्स मकसूद अहमद एंड कंपनी और मेसर्स अनिल कुमार आदित्य कुमार कुशवाहा के यहां फुटकर में भी कारोबार हो रहा था। इसी वजह से दोनों के लाइसेंस निरस्त किए गए। सप्ताह भर में अगर संतोष जनक जवाब नहीं मिलता है तो दोनों के ही लाइंसेंस पूर्ण रूप से निरस्त कर दिए जाएंगे।
वहीं दूसरी ओर मंडी प्रशासन की ओर से बृहस्पतिवार को भी थोक में सब्जी एवं फल के रेट में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। हालांकि शहर के तमाम मोहल्लों में सब्जी एवं फल के फुटकर रेट में जरूर अंतर है। मंडी में टमाटर का रेट 10 से 15 रुपये किला है, जबकि फुटकर बाजार में इसे 30 रुपये किलो तक बेचा जा रहा है। आलू का रेट भी मंडी में 16 रुपये है जबकि फुटकर बाजार में 25 रुपये किलो तक आलू बिक रहा है।