इविवि के विद्यार्थी हैं अब तक वंचित
इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संघटक कॉलेजों के विद्यार्थी प्रदेश सरकार की लैपटॉप एवं मोबाइल वितरण योजना से अब तक वंचित हैं। मुश्किल यह जल्द उन्हें इस योजना का लाभ मिलता भी नहीं दिख रहा। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की सूची अभी तक पोर्टल पर अपलोड नहीं हो पाई है। जबकि, चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले ही पोर्टल पर इंट्री बंद कर दी गई है।
चूंकि, पहली सूची में शामिल प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों को अभी लैपटॉप एवं मोबाइल वितरित किए जाने हैं। अफसरों का कहना है कि पहली सूची के विद्यार्थियों को मोबाइल यालैपटॉप देने के बाद ही पोर्टल खोलने और नए विद्यार्थियों की सूची मांगी जानी है। ऐसे में इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संघटक कॉलेजों के विद्यार्थियों को अभी इसके लिए इंतजार करना पड़ेगा।
हालांकि, एडीएम नागरिक आपूर्ति जेपी सिंह का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन से इस सिलसिले में वार्ता हुई है। पात्र छात्र-छात्राओं की सूची भेजने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। पीआरओ डॉ.जया कपूर का कहना है कि डिजी शक्ति अभियान के अंतर्गत इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को भी टैबलेट एवं मोबाइल फोन मिलेंगे। इसके लिए जो डाटा जिला प्रशासन ने मांगा था, उसे उपलब्ध करा दिया गया है।