कोचिंग पढ़ने के बहाने घर से निकली तीन छात्राएं गायब हो गईं। शाम तक उनके नहीं लौटने पर परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने सभी के नंबर ट्रेस किए तो उनकी लोकेशन मिलने लगी। मोबाइल लोकेशन के आधार पर तीनों छात्राओं को बरामद कर लिया गया है। इसके साथ ही उनके साथ गए दो युवकों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
बाघराय थाना क्षेत्र के फूलपुरमौरी गांव की हाई स्कूल की छात्रा पारुल पुत्री मनोज मिश्र, काजल पुत्री विद्या कुमार, शिवानी पुत्री नंदलाल सोमवार को सुबह 6 बजे घर से कोचिंग पढने के लिए फूलपुरमौरी मोड़ के लिए निकलीं थी। इसके बाद छात्राएं देर शाम तक घर नहीं लौटीं। शाम को परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी तो पुलिस ने तीनों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा दिए।
इसके साथ ही जानकारी की तो पता चला कि छेंउंगा गांव के ही एक युवक आलोक सरोज के साथ तीनों छात्राएं एक ही बाइक पर देखी गई थीं। बाद में पुलिस के सर्विलांस के माध्यम से पता चला कि एक छात्रा पारूल, आलोक के साथ झांसी में मिल गई है। वहां की जीआरपी ने उन्हें संदिग्ध मानते हुए थाने में बैठा लिया है।
इस दोनों को लेने के लिए एसआई प्रकाश नारायण यादव झांसी रवाना हो गए। उधर सर्विलांस के माध्यम से ही शिवानी व काजल के फाफामऊ में होने की जानकारी मिली। मंगलवार को पुलिस ने फाफामऊ पहुंचकर दोनों को बरामद कर लिया। इस दौरान उनके साथ एक युवक भी हिरासत में लिया गया है। फिलहाल चर्चाओं पर गौर करें तो तीनों छात्राओं का प्र्रेम प्रपंच चल रहा था।
इसके चलते तीनों ने एक साथ घर से भागने का प्लान बनाया। आलोक तीनों को एक साथ बाइक पर बैठाकर ले जाते हुए देखा गया था। फिलहाल अभी पुलिस छात्राओं से पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष बाघराय का कहना है की फाफामऊ से दो बालिकाएं बाघराय आ गई हैं। झांसी से एक बालिका के आने के बाद ही उनके भागने की कहानी खुल पाएगी।