जिले के 5.80 लाख राशनकार्ड धारकों के लिए खुशखबरी है। 15 से मई से होने वाले राशन वितरण में प्रति राशनकार्ड एक किग्रा चना और प्रति यूनिट पांच किग्रा की दर से चावल का वितरण किया जाएगा। चना और चावल पूरी तरह नि:शुल्क है। इसलिए किसी भी कार्डधारक को रुपये नहीं देने हैं।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत दूसरे चरण में 15 मई से चावल और चने का वितरण किया जाएगा। जिलेभर की दुकानों पर चावल और चना पहुंचाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
इससे पहले 15 अप्रैल को हुए राशन वितरण में सिर्फ चावल दिया गया था, मगर 15 मई से होने वाले वितरण में प्रति यूनिट पांच-पांच किग्रा चावल और प्रति कार्ड एक किग्रा चना दिया जाएगा।
हालांकि सरकार ने दाल देने की घोषणा की थी, मगर जब पर्याप्त मात्रा में दाल नहीं मिली तो चना वितरित करने का फैसला किया। जिला आपूर्ति अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि सभी कोटेदारों को 14 मई तक चावल और चना मुहैया कराया जा रहा है।
15 मई से वितरण करने को कहा गया है। उन्होंने कहा है कि अगर किसी व्यक्ति को मानक के अनुरूप राशन नहीं मिलता है तो अधिकारियों के साथ ही कंट्रोलरूम में शिकायत कर सकता है।
35 किग्रा का मानक, 20 किग्रा ही मिलता है राशन
मानधाता विकास खंड के सराय हरिनारायन गांव में कोटेदार अंत्योदय कार्डधारकों को 20-20 किग्रा राशन दे रहा है। जबकि मानक 35 किग्रा राशन का है। आरोप है कि पात्र गृहस्थी के कार्डधारकों में एक-एक यूनिट कम करके राशन दिया जाता है। गांव के प्रधान उदयबहादुर सिंह, रामकृपाल पांडेय, मदन प्रजापति ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।