बीएसएफ के इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह का पार्थिव शरीर पहुंचने पर पुलिसकर्मी भी पीछे नहीं रहे। सीओ रानीगंज रमेशचंद्र, प्रभारी थानाध्यक्ष अंतू समेत सांगीपुर के पुलिसकर्मी गांव में ही डटे रहे। सभी ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
बीएसएफ के इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह का पार्थिव शरीर रायतारा पहुंचने पर अंतिम दर्शन करने के लिए लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बसपा नेता अशोक त्रिपाठी, एमएलसी प्रतिनिधि लाल साहब, भाजपा के जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र, पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी, राय साहब सिंह, सपा नेता संजय पांडेय, दिनेश सिंह डगैता, जिला पंचायत सदस्य रामअचल वर्मा, जिला पंचायत सदस्य भीमसेन सिंह राजू, प्रमुख प्रतिनिधि देशराज सिंह, भाजपा नेता वरुण सिंह, अजगरा ग्राम प्रधान मनोज सिंह, छोटे सरकार, दिलीप सिंह नेे श्रद्धासुमन अर्पित किया।
मुख्यमंत्री से मिलेंगे परिजन
बीएसएफ के इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह के परिजनों ने रायतारा पहुंचे कैबिनेट मंत्री मोती सिंह व प्रभारी मंत्री स्वाती सिंह के सामने मांग करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलने की इच्छा जताई। परिवार के लोगों को भरोसा दिलाया गया कि उन लोगों की सीएम से मुलाकात कराई जाएगी।
रातभर डटे रहे डीएम-एसपी
शनिवार की रात बीएसएफ के इंस्पेक्टर का पार्थिव शरीर आने का इंतजार करते हुए प्रशासनिक अमला रात भर डटा रहा। डीएम व एसपी की मौजूदगी में एसडीएम सदर, खंड विकास अधिकारी संडवाचंद्रिका, तहसीलदार सदर डटे रहे। रात में ही बीएसएफ के इंस्पेक्टर के घर तक जाने का रास्ता बनवा दिया गया। जिससे होकर पार्थिव शरीर घर तक ले जाया गया।
नौकरी संग शस्त्र लाइसेंस देेन का दिया आश्वासन
बीएसएफ के इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए प्रभारी मंत्री स्वाती सिंह और कैबिनेट मंत्री मोती सिंह ने बेटे उपेंद्र को शस्त्र लाइसेंस देने का निर्देश जिलाधिकारी को दिया। प्रदेश सरकार द्वारा उपेंद्र को नौकरी दिलाने का भी परिजनों को भरोसा दिलाया।
पूर्व मंत्री व कुंडा के निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजाभैया रविवार की शाम रायतारा गांव पहुंचे। परिवार के लोगों को सांत्वना देने के साथ ही कहा कि, वे परिवार के हर सुख-दुख में खड़े हैं। ऐसी घड़ी में परिवार के लोगों को सब्र से काम लेना चाहिए।