Police run and caught two people who were going to rob
- फोटो : PRATAPGARH
पुलिस ने लूट के इरादे से जा रहे दो युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उनके पास से चार बाइक और एक तमंचा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों पर मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।
हथिगवां थाने के एसआई रमेश यादव हमराहियों के साथ गश्त पर थे। थाना क्षेत्र के भदशिव के पास दो युवक बाइक से जा रहे थे। पुलिस को देखते ही वह तेजी से भागने लगे। इस पर पुलिस ने उनके पीछे गाड़ी लगा दी। थोड़ी दूर पर नहर के पास वह लोग बाइक से गिर गए। इस पर पुलिस ने घेरकर हिरासत में ले लिया। बाइक के कागज मांगने पर वह आनाकानी करने लगे।
तलाशी में एक युवक के पास से एक तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए। बाइक के बारे में कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने तीन और बाइक बरामद करा दी। इसके साथ ही पुलिस को बताया कि वह लोग लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। वह प्रयागराज के लालगोपालगंज में एक व्यवसायी को लूटने के इरादे से जा रहे थे।
पकड़े गए युवक उमेश यादव उर्फ सोनू पुत्र रूपचंद्र निवासी दूल्हापुर सराय इनायत प्रयागराज व सुधांशू उर्फ राजा उर्फ चाऊमीन पुत्र मिठाईलाल निवासी फतूहा सराय इनायत प्रयागराज के खिलाफ पुलिस ने आर्मस एक्ट के साथ ही लूट, चोरी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा लिखकर चालान कर दिया। उमेश यादव पर कई जगह चोरी सहित अन्य मामलों में मुकदमा दर्ज है।