करारी की सीमा से सटे छह गांवों की बदलेगी तस्वीर
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। सबकुछ ठीक रहा तो करारी कस्बे की सीमा से सटे छह गांवों की जल्द ही तस्वीर बदल जाएगी। दरअसल, नगर प्रशासन ने सीमा विस्तार के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है। सीमा विस्तार में इन गांवों को नगरीय क्षेत्र में शामिल किए जाने की योजना है।
मुख्यालय से करीब दस किलो मीटर की दूरी पर आबाद करारी को आदर्श नगर पंचायत का दर्जा दिया गया है। यहां की आबादी करीब 16 हजार 467 है। नगर प्रशासन का मानना है कि अभी नगरीय क्षेत्र काफी छोटा है। इसे बड़ा करने के लिए सीमा का विस्तार किए जाने की योजना है। पखवाड़े भर पहले बोर्ड की बैठक में सभी सदस्यों ने एकमत से प्रस्ताव पास किया था। जिसके बाद दो दिन पहले सीमा विस्तार की फाइल शासन को भेज दी गई। अब सरकार की मुहर लगनी है। अधिशासी अधिकारी अंजनी मिश्रा ने बताया कि नगरीय क्षेत्र में आसपास के मुकीमपुर, ताहिरपुर, बिहरोजपुर, मोहज्जमपुर, चक हिंगुई व गुलामीपुर आदि गांव को शामिल किया जाएगा। जिसके बाद इन गांवों में भी नगरों जैसा विकास होगा। नगर प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। उनको लग रहा है कि अब जरूरी सुविधाओं का टोटा तो कम से कम खत्म ही हो जाएगा।
----
प्रधानों को राजनीति खत्म होने का डर
मंझनपुर। सभी छह गांवों के प्रधानों को राजनीति खत्म होने का डर अभी से ही सताने लगा है। उन्हें लग रहा है कि गांव नगर पंचायत क्षेत्र में आ गया तो सभासद बनकर ही रह जाएंगे। अध्यक्षी पर कब्जा जमाना इतना आसान नहीं होगा। प्रधानों का कहना है कि गांव को कस्बे में शामिल नहीं होने दिया जाएगा। जरूरत पड़ी को इसके लिए हाईकोर्ट तक का दरवाजा खटखटाया जाएगा।
इनका कहना है
सीमा विस्तार का प्रस्ताव तैयार करके शासन को भेजा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही सरकार की मंजूरी मिल जाएगी। इसके बाद नगरीय क्षेत्र में शामिल होने वाले सभी गांवों का शहरीकरण कराया जाएगा।
अंजनी मिश्रा-ईओ, करारी