Prayagraj News : लूट की घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस। फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला।
सभी के मोबाइल कॉल डीटेल्स के अलावा फेसबुक और व्हाट्सएप नंबर की पड़ताल की जा रही है। अब तक के घटनाक्रम से पुलिस को इस बात का यकीन हो गया है कि कहीं न कहीं से मुखबिरी के बाद घटना को अंजाम दिया गया है। ललित मोहन की दुकान पर बुधवार की शाम करीब नौ लाख रुपये थे।
संयोग ही था कि उन्होंने बदमाशों के आने से कुछ देर पहले ही रुपये घर पर भिजवा दिए थे। बदमाश पहले ललित मोहन की दुकान पर पहुंचे थे। जब गल्ले में उन्हें सिर्फ पांच हजार रुपये मिले तो उन्होंने दुकान पर बैठे लोगों को जमकर गालियां दीं, इसके बाद वे आरपी गुप्ता की दुकान पर पहुंचे। वहां उन्होंने छह लाख रुपये लूटे।
पुलिस को पूरा शक है कि किसी ने बदमाशों को ललित मोहन की दुकान में नौ लाख होने की मुखबिरी की थी। बदमाशों ने जिस तरह अपने चेहरे को ढांक रखा था, उससे साफ था कि वे कहीं बहुत दूर या बाहर के नहीं हैं। नौकरों के अलावा भी पुलिस ने कई पुराने लुटेरों को पकड़ा है। घटना वाले दिन उनकी लोकेशन पता की जा रही है।
इस मामले में कई लोगों से पूछताछ की गई है। कुछ लोगों के कॉल डीटेल्स रिकार्ड्स भी निकाले जा रहे हैं। मुखबिरी के शक में भी कुछ लोगों को पकड़ा गया है। - दिनेश सिंह, एसपी सिटी
Prayagraj News : लूट की घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस। फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला।
खुलासे के लिए लगाई गईं सात टीमें
मनमोहन पार्क के पास लोहे की दो थोक दुकानों से छह लाख पांच हजार लूटने वाले बदमाशों की तलाश में पुलिस की सात टीमें लगाई गई हैं। इसके अलावा क्राइम ब्रांच और सर्विलांस सेल भी बदमाशों की खोजबीन में लगी है। पुलिस की टीमों को अलग अलग काम सौंपे गए हैं। एक टीम सिर्फ हुलिये और कद-काठी पर काम कर रही है। दूसरी टीम नौकरों तथा शक के दायरे में आए अन्य लोगों के कॉल रिकार्ड्स की चेकिंग में जुटी है। तीसरी टीम शहर के पेशेवर लुटेरों की लोकेशन तथा अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी ले रही है। अन्य टीमें शक के दायरे में आए लोगों को पकड़कर पूछताछ में जुटी हैं।
आईट्रिपलसी के कैमरों से बदमाशों के मूवमेंट की खोजबीन जारी
शहर के सभी प्रमुख चौराहे लगे आईट्रिपलसी के कैमरों से बदमाशों के मूवमेंट की खोजबीन की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस को इन्हीं कैमरों के माध्यम से बदमाशों के बारे में कुछ सुराग मिले हैं। बाइक सवार बदमाश शहर में एक जगह जाते दिख रहे हैं, लेकिन आगे वाले कैमरे में उनकी लोकेशन नहीं मिली। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने वहीं आस पास कहीं शरण ली है। पुलिस वाले अभी इस बारे में कुछ नहीं बता रहे हैं।