कैंट पुलिस 73 हजार की लूट का मामला पचा गई। पीड़ित शिकायत लेकर धूमनगंज व कैंट थाने के चक्कर काटता रहा लेकिन सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने कोर्ट से गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर आखिरकार कैंट पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया।
धूमनगंज निवासी रामजी यादव ने तहरीर देकर बताया कि जनवरी 2020 मेें बेटी की शादी के लिए उसने 73 हजार की चांदी की सिल्ली खरीदी। नवंबर में शादी थी ऐसे में सितंबर में वह चांदी लेकर चौक स्थित सराफा की दुकान जा रहा था। आरोप है कि चौफटका ओवरब्रिज पर हर्ष, अर्जुन, अनिल व दो अन्य ने चांदी की सिल्ली व एक हजार नगद छीन लिया।
साथ ही शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित का आरोप है कि वह शिकायत लेकर धूमनगंज थाने गया तो उसे कैंट थाने जाने को कहा गया। उधर कैंट पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद उसने 156(3)के तहत कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर कैंट पुलिस ने केस दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि तीन नामजद व दो अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
वाणिज्यकर कर्मचारी के खाते से 16 हजार उड़ाए
वाणिज्यकर कर्मचारी अंकित श्रीवास्तव के खाते से 16 हजार रुपये उड़ा दिए गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह घर पर ही थे जब उनके मोबाइल पर दो बार में 10 हजार व छह हजार रुपये खाते से निकाले जाने का मैसेज आया। जबकि उन्होंने न किसी को डेबिट कार्ड दिया और न ही किसी से कोई ओटीपी शेयर किया। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।