Prayagraj News: Arrested Allahabad University Prof. Mohammed Shahid
- फोटो : prayagraj
फॉरेनर्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए जमातियों के खिलाफ पुलिस दस्तावेजी साक्ष्य एकत्र करने में जुटी है। पुलिस को अब तक जमातियों के ट्रेन टिकट नहीं मिल सके हैं और वह इसका पता लगाने में जुटी है। हालांकि, प्रोफेसर का दिल्ली जाने व वहां से लौटने संबंधित आरक्षित टिकट शाहगंज पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
थाईलैंड के नौ और इंडोनेशिया के सात नागरिकों समेत 20 जमातियों व इविवि प्रोफेसर को जेल भेजने के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ चार्जशीट लगाने की तैयारी में है। इसके लिए दस्तावेजी साक्ष्य एकत्र करने की तैयारी की जा रही है। सूत्रों की मानें तो करेली व शाहगंज पुलिस जमातियों के दिल्ली से शहर तक आने से संबंधित ट्रेन टिकट का पता लगाने में जुटी हुई है।
अब तक पुलिस को यह मिल नहीं सका है। चार्जशीट दाखिल करने से पहले पुलिस को तमाम दस्तावेजी साक्ष्यों को भी लगाना होगा जिसमें से एक यह भी है। चूंकि संक्रमण के खतरे के चलते हेरा मस्जिद व अब्दुल्ला मस्जिद मुसाफिरखाने की ठीक ढंग से तलाशी नहीं ली जा सकी है, पुलिस का कहना है कि आरोपों की पुष्टि के लिए कुछ ऐसे ही दस्तावेजी साक्ष्यों को एकत्रित करना जरूरी है।
हालांकि शाहगंज पुलिस ने इविवि प्रोफेसर मो. राशिद के टिकट को कब्जे में ले लिया है। जिससे पता चला है कि दिल्ली जाने व वहां से लौटने का सफर उन्होंने अकेले ही तय किया। पुलिस का यह भी कहना है कि प्रोफेसर का पासपोर्ट जब्त करने की फिलहाल जरूरत नहीं है। जरूरत पड़ी तो उनकी विदेश यात्रा के विवरण जानने के लिए उसका निरीक्षण किया जा सकता है।
मुतवल्लियों के भी बैंक खातों की होगी जांच
उधर, करेली के हेरा व अब्दुल्लाह मस्जिद मुसाफिरखाने के मुतवल्लियों के भी बैंक खातों की जांच कराई जा सकती है। दरअसल विदेशी जमातियों व उनके चारों मददगारों के पास बहुत ज्यादा नगदी नहीं मिली है। अब चूंकि जमातियों के ठहरने के बाद दोनों मुतवल्ली ही उनके खाने व रहने का इंतजाम कर रहे थे, ऐसे में पता लगाया जा रहा है कि उनके पास इसके लिए पैसे कहां से आए।