फतनपुर के शुकाल का पूरा में किशोर की हत्या के दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली रहे। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार की शाम शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी होने के बाद ही अंतिम संस्कार के जिद पर अड़े रहे। हालांकि मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक धीरज ओझा के समझाने पर परिजन अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हो गए।
शुकाल का पूरा निवासी मनोज कुमार के 17 वर्षीय बेटे शुभम गौतम का घर से चार सौ मीटर दूर धान के खेत में शुक्रवार की सुबह शव मिला था। शनिवार को वीडियोग्राफी के बीच चिकित्सकों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। पुलिस के अनुसार शुभम की गला व मुंह दबाकर हत्या करने की बात सामने आई है।
शनिवार को परिजन शव लेकर घर पहुंचे। जिसे देखते ही परिजन रोने बिलखने लगे। बवाल की आशंका को देखते हुए फतनपुर पुलिस मुस्तैद रही। कुछ ही देर में भीम आर्मी संगठन के पदाधिकारी व पूर्व विधायक धीरज ओझा मौके पर पहुंचे। पहले तो परिजन कार्रवाई की जिद पर अड़े रहे। पूर्व विधायक की मौजूदगी में परिजनों ने ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। जिसमे सुरक्षा के साथ ही घटना में शामिल आरोपियों पर सख्त कार्रवाई।
परिजनों को पांच बीघा जमीन खेती के लिए, 25 लाख की आर्थिक मदद, सरकारी नौकरी, शस्त्र लाइसेंस की मांग शामिल रही। रानीगंज सीओ विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि किशोर की हत्या का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम लगी है। जिन लोगों पर पुलिस को शंका थी। उन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।