तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप
संगम पर अभेद्य सुरक्षा के बीच प्रधानमंत्री की पूजा की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। अमृत काल के सिद्धि योग में विद्वान विशेष पूजा करने के दौरान मंत्रोच्चार करेंगे। इसके लिए तैयार की गई भव्य जेटी पर मंत्रोच्चार के साथ गौरी-गणेश का पूजन होगा।
इसके बाद पीएम मोदी कुंभ कलश की सविधि पूजा करेंगे। इसी क्रम में वह गंगा पूजन भी करेंगे। कुंभ कलश की पूजा के लिए सामग्री की एसपीजी ने जांच भी कराई। पूजा के सामानों को भी सूचीबद्ध किया गया। पूजा के समय प्रधानमंत्री महाकुंभ के वैश्विक आयोजन की सफलता की कामना करने के साथ ही विश्व शांति के लिए भी मां गंगा से प्रार्थना करेंगे। पीएम जब पूजा करेंगे, तब जल, थल और नभ से तीन चरणों में अभेद्य सुरक्षा घेरा बनाकर निगरानी होती रहेगी। प्रधानमंत्री संगम से मेला क्षेत्र की बसावट को भी निहारेंगे।