मेलाधिकारी विजय किरन आनंद तथा डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने अक्तूबर में शृंग्वेरपुर में कार्यों का निरीक्षण किया था। इनके बाद भी एडीएम, सीआरओ तथा अन्य अफसरों के लगातार दौरे जारी हैं। अफसरों की इस दौड़ को प्रधानमंत्री के आगमन से ही जोड़कर देखा जा रहा है। वहां हेलीपैड के लिए जमीन चिह्नित किए जाने की भी बात भी कही जा रही है।
मेलाधिकारी विजय किरन आनंद का कहना है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर अभी तक कुछ नहीं कहा गया है। वह शृंग्वेरपुर जाएंगे या नहीं इसे लेकर भी कोई जानकारी नहीं दी गई है। अगले महीने प्रधानमंत्री आना संभावित है। उनके आगमन को देखते हुए मेला क्षेत्र के अलावा शृंग्वेरपुर में भी तैयारी की जा रही है।
पांच वर्षीय बाल राम श्रीश को है प्रधानमंत्री का इंतजार
शृंग्वेरपुर धाम के पांच वर्ष के श्रीश बाहुबली महाराज प्रधानमंत्री से मिलने की हठ कर बैठे हैं। श्रीश को श्रीरामचरितमानस की चौपाइयांं कंठस्थ हैं। इसलिए उन्हें बाल राम के नाम से जाना जाता है। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री से मिलने तक भगवान राम की वेशभूषा धारण किए रहेंगे। उनसे विहिप नेता रहे प्रवीण तोगड़िया, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री संजय निषाद समेत अनेक नेता मिल चुके हैं। अब श्रीश को प्रधानमंत्री का इंतजार है।