अक्तूबर माह के लिए शासन की ओर से जो रैंकिंग सूची जारी हुई है, उनमें प्रयागराज का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। इसमें सबसे नीचे आगरा है और इससे पहले प्रयागराज का नाम है। जनपद को 10 में से केवल पांच नंबर मिले हैं। यह हाल तब है जब सीएम डैशबोर्ड में उन विभागों से संबंधित योजनाओं को रखा जाता है, जो सीएम योगी की प्राथमिकताओं में हैं।
कौशाम्बी, प्रतापगढ़, फतेहपुर से भी पीछे
प्रयागराज की स्थिति इस मामले में भी खराब है। क्योंकि, कौशाम्बी, प्रतापगढ़ व फतेहपुर जैसे जिले भी रैंकिंग में इससे ऊपर हैं। कौशाम्बी पांचवें, फतेहपुर 25वें नंबर पर है। जबकि, प्रतापगढ़ को 42वीं रैंक मिली है। बात प्रयागराज रेंज की करें तो कौशाम्बी को छोड़कर अन्य दोनाें जिलों फतेहपुर व प्रतापगढ़ का प्रदर्शन भी संतोषजनक नहीं है। उधर, प्रयागराज जोन के जिलों की रैंकिंग की बात करें तो हमीरपुर ने शानदार प्रदर्शन किया है। उसे दूसरी रैंक मिली है। इस जोन में शामिल प्रतापगढ़, कौशाम्बी व फतेहपुर के अलावा चित्रकूट को 12वीं, बांदा 19वें, महोबा 20वें रैंक पर है। जबकि, बरेली जोन का रामपुर 10 में से 8.6 नंबर पाकर प्रदेश में पहले पायदान पर है।