सीएचसी कुंडा में सगे भाइयों की मौत पर जुटे परिजन और ग्रामीण।
- फोटो : PRATAPGARH
पिकअप की टक्कर से सगे भाइयों की मौत
कुंडा इलाके के देशराज का इनारा के पास बाईपास तिराहे पर हादसा, महिला घायल
बाइक पर की थी ट्रिपलिंग, नहीं पहना था हेलमेट, मरीज देखने जा रहे थे कुंडा
कुंडा। कुंडा इलाके में बाइक से सीएचसी में भर्ती मरीज को देखने जा रहे सगे भाइयों की पिकअप की टक्कर से मौत हो गई। बाइक पर साथ रही महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से घर में कोहराम मचा है।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के जाखामई निवासी बबलू यादव (30) पुत्र गुलजार यादव अपनी पत्नी मंजू (28) व भाई बृजेश (20) के साथ अपने साढ़ू के लड़के को देखने के लिए शनिवार रात करीब दस बजे बाइक से कुंडा सीएचसी जा रहे थे। देशराज का इनारा के पास बाईपास तिराहे पर सामने से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे तीनों बाइक से दूर जा गिरे। आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो चालक पिकअप लेकर भाग निकला। सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों को कुंडा सीएचसी ले आई। सीएचसी में चिकित्सकों ने जांच के बाद बबलू और बृजेश को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचे परिजन दोनों के शव देख बिलख पड़े। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल मंजू को प्राथमिक उपचार के बाद एसआरएन के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों शवों को मानिकपुर थाने ले गई। सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से जाखामई गांव में मातम का माहौल है।
सड़क दुर्घटना में मृत बबलू यादव (फाइल फोटो)- फोटो : PRATAPGARH
सड़क दुर्घटना में मृत बृजेश यादव (फाइल फोटो)- फोटो : PRATAPGARH