Prayagraj News : फाफामऊ हत्याकांड के आरोप में पकड़ा गया कथित हत्यारोपी।
- फोटो : प्रयागराज
लोकेशन हरियाणा में, फुटेज भी नहीं मिला
सूत्रों का कहना है कि पुलिस के सामने मुसीबत यह है कि हिरासत में लिए गए युवती के प्रेमी की लोकेशन वारदात के वक्त हरियाणा के मानेसर में मिली है। इसके अलावा वारदात के वक्त आरोपी के घटनास्थल पर आने से संबंधित कोई सीसीटीवी फुटेज अब तक नहीं मिल सका है। स्थानीय पुलिस के साथ ही एसओजी भी शुक्रवार को पूरे दिन आसपास के बस अड्डों व रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगालने में लगी रही लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
एसओजी के सामने कबूला, अफसरों के सामने मुकरे
सूत्रों का कहना है कि दोनों आरोपियों ने एसओजी की पूछताछ में घटना में शामिल होने की बात कबूल कर ली थी। साथ ही बताया था कि शादी का दबाव बनाने पर उन्होंने वारदात की। हालांकि अफसरों के सामने पहुंचते ही वह अपने बयान से मुकर गए। वहां उनका कहना था कि पुलिसकर्मियाें ने जबरन उनसे बयान दिलवाया। आरोपी प्रेमी ने कहा कि घटना के वक्त वह मानेसर में था और पुलिस चाहे तो उसकी लोकेशन की जांच करवा सकती है।
Prayagraj News : फाफामऊ में चार लोगों की हत्या के आरोप में पकड़ा गया आरोपी।
- फोटो : प्रयागराज
फिंगर प्रिंट का नमूना भी भेजा गया
शुक्रवार दोपहर में युवती के प्रेमी समेत दोनों आरोपियों को बेली अस्पताल ले जाया गया। यहां फोरेंसिक टीम भी पहुंची। डॉक्टरों की टीम ने पहले दोनों के बाल, नाखून व खून के नमूने लिए और फिर इन्हें डीएनए टेस्ट के लिए भेज दिया। उधर फोरेंसिक टीम ने आरोपियों के फिंगर प्रिंट के भी नमूने लिए। पुलिस का कहना है कि दोनों के फिंगर प्रिंट के नमूनों का मिलान मौके से बरामद फिंगर प्रिंट से कराया जाएगा।
एसओजी के साथ अफसर भी लगे, फिर भी नतीजा सिफर
गोहरी कांड में आठ दिन बीतने के बाद भी पुलिस अभी तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। हाल यह है कि स्थानीय पुलिस के साथ ही एसओजी की दो टीमें लगातार वारदात के बाद से ही इस केस पर काम कर रही हैं, जिनमें 30 से ज्यादा पुलिसकर्मी शामिल हैं। सीओ सोरांव सुधीर कुमार जांच टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। एसपी गंगापार अभिषेक अग्रवाल लगातार मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और डीआईजी खुद रोज केस की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। इसके बावजूद अब तक की सारी कवायदों का नतीजा सिफर ही है।