फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रयागराज में बिजली के लिए रात को सड़क पर उतरी जनता

Sun, 26 May 2019 12:48 AM IST
विनोद सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
फाइल फोटो
विज्ञापन
ओवरलोडिंग, फाल्ट के चलते शनिवार को शहर में कई जगह बिजली इंतजाम ध्वस्त हो गए। अलग-अलग समय पर जंफर टूटने से राजापुर, स्टैनली रोड, रामबाग, फोर्ट रोड, करेली समेत कई इलाकों में आपूर्ति ठप हो गई। जबकि भारती भवन व गौशनगर समेत तीन जगहों पर ट्रांसफारमर जलने से बिजली संकट पैदा हो गया। बिजली न होने से प्रभावित इलाकों में लोग पानी के लिए तरस गए। इस बीच रात 11 बजे राजरूपपुर और कालिंदीपुरम में 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप होने के विरोध में लोग सड़कों पर उतर आए। सब्जी मंडी में शिशु मंदिर के पास रास्ता जाम कर जमकर नारेबाजी की गई। 
विज्ञापन


रामबाग उपकेंद्र से आजाद नगर, साउथ मलाका की बिजली तीन बजे भोर में ही गुल हो गई। करीब 12 घंटे बाद शनिवार की दोपहर बाद तीन बजे आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन करीब आधे घंटे बाद फिर जंफर उड़ गया। फिर घंटे भर बाद बिजली आई तो रात के 10 बजे तक बार-बार ट्रिपिंग होती रही। एसडीओ से संपर्क साधने के लिए लोग परेशान रहे, लेकिन उनका फोन रिसीब ही नहीं हुआ। कीडगंज, मुट्ठीगंज, नेतानगर में भी बिजली हर घंटे पर आती-जाती रही। इस बीच भारती भवन के पास 630 केवीए क्षमता का ट्रांसफारमर जलने से चौक के पीछे लगे आपूर्ति ठप हो गई।

इसी तरह करेली इलाके के गौशनगर में भी 630 केवीए क्षमता का ट्रांसफारमर जल गया। इसी इलाके में 250 केवीए का एक और ट्रांसफारमर जलने से पूरे क्षेत्र में बिजली के साथ पानी का संकट पैदा हो गया। जार्ज टाउन में भी रात को फीडर ब्रेक डाउन होने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कालिंदीपुरम में शुक्रवार को जा ट्रांसफारमर न बदले जाने के विरोध में आधी रात को इलाके के लोगों ने प्रदर्शन किया। कमलेश श्रीवास्तव व आरके श्रीवास्तव के नेतृत्व में नारेबाजी हुई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बिजली न होने से लोग पानी के लिए भी परेशान हैं। 
विज्ञापन


यूपीपीसीएल के चेयरमैन आलोक कुमार ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सर्वाधिक लाइन लास वाले फीडरों पर कांबिंग करने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने डिवीजन वाइज सौ से अधिक बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई की समीक्षा की। चेयरमैन ने मुख्य अभियंता को निर्देशित किया कि प्रयागराज में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित कराई जाए।इसमें लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।  

कल्याणी देवी डिवीजन में बकाये में काटे गए कनेक्शनों को दोबारा चोरी से जोड़े जाने के मामले में 15 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। एक्सईएन एलपी चक्रवेदी ने बताया कि बड़े बकायेदारों के खिलाफ चलाए गए अभियान में इनके कनेक्शन काटे गए थे, लेकिन बिल जमा किए बिना ही उनके घरों में बिजली जलती पाई गई। उधर, म्योहाल डिवीजन में भी परिवहन डिपो के सुलभ कांप्ललेक्स समेत कई कनेक्शन काटे गए।  
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें