प्रयागराज में महाकुंभ के मद्देनजर रंगे जा रहे मकान।
- फोटो : अमर उजाला।
पीडीए टीम से व्यापारियों की नोंकझोंक
प्राधिकरण ने दबाव बढ़ाते हुए कटरा में जूता चप्पल की दुकान चलाने वाले यश अग्रवाल, कपड़ा विक्रेता अशोक कुमार केसरवानी, विनोद कुमार केसरवानी, अनुराग चतुर्वेदी, दीपक मिश्रा व नीलकमल चतुर्वेदी, सजावटी सामान विक्रेता अमित अग्रवाल, बेकरी की दुकान चलाने वाले मुश्ताक जकरी आदि को नोटिस देकर 28 अक्तूबर को तलब कर लिया है।
बुधवार को जबरन नोटिस देने को लेकर प्राधिकरण की टीम से कई व्यापारियों की नोकझोंक हो गई। नोटिस लेने से इन्कार पर कहीं उनके कर्मचारी को थमा आए तो कहीं दुकान-मकान में चस्पा कर दिया। विनोद केसरवानी को दिए नोटिस में उल्लेख है कि नोटिस लेने से इन्कार पर उनके मैनेजर को दिया गया है।
अपने खर्चे पर मकान को नहीं रंगवाएंगे व्यापारी
इसके खिलाफ पूर्व पार्षद और श्री कटरा उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल की अध्यक्षता में व्यापारियों की आपात बैठक हुई, जहां व्यापारियों ने खूब भड़ास निकाली। कहा, व्यापारियों को व्यावसायिक उपयोग और मकानों के नक्शे स्वीकृत नहीं कराने पर ध्वस्तीकरण का नोटिस दिया जा रहा है। यह नोटिस मकानों का अपने खर्चे पर रंग नहीं कराने पर धमकी जैसी कार्रवाई है।
साथ ही, सरकार को बदनाम करने का कुचक्र भी है। आनंद अग्रवाल ने कहा कि कटरा शहर का प्राचीनतम मोहल्ला है। यह तब से है, जब प्राधिकरण का जन्म भी नहीं हुआ था। यहां धमकी देकर रंग-रोगन का दबाव डाला तो व्यापारी सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे। जरूरत हुई तो अदालत में जनहित याचिका भी दायर करेंगे। मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजेंगे। वहीं, प्राधिकरण के जोनल अधिकारी का कहना है कि रंग-रोगन के लिए किसी पर दबाव नहीं डाला जा रहा है। लोगों को इसके लिए प्रेरित किया गया है। अवैध निर्माण करने वालों को जरूर नियमानुसार नोटिस दिया गया है।
ग्रीन वैली के छह डुप्लेक्स भवन सील
अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रयागराज विकास प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को ग्रीन वैली के छह डुप्लेक्स सील कर दिए। जोन- 2 के जोनल अधिकारी आलोक गुप्ता ने बताया कि शाहा उर्फ पीपलगांव में ग्रीन वैली काॅलोनी बनाई गई है। इसके विकासकर्ता मीरा राय हैं। उन्होंने ग्रीन वैली की गली नंबर 11 में बिना नक्शा स्वीकृत कराए छह डुप्लेक्स का निर्माण करवा दिया है। वह अवैध निर्माण है। पीडीए के सहायक अभियंता अनिल कुमार सिंह, सुपरवाइजर विशाल कुमार और प्रवर्तन टीम ने डुप्लेक्स सील कर दिया है।