फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj : व्यापारी बोले, हम खुद क्यों रंगें एक रंग में घर, पीडीए ने भेजा ध्वस्तीकरण का नोटिस, सीएम से शिकायत

Thu, 17 Oct 2024 01:09 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

महाकुंभ से पहले शहर के 14 मुख्य मार्गों को एक ही रंग में रंगे जाने का जिम्मा प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) को मिला है। एक महीने में यह काम पूरा होना है। हालांकि, 2019 में कुंभ से पहले भी कुछ मार्गों को एक ही रंग में रंगा गया था।
विज्ञापन
महाकुंभ के मद्देनजर दीवारों पर किया जा रहा रंग रोगन। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शहर के मुख्य मार्गों को एक रंग में रंगने का दबाव बनाने पर बृहस्पतिवार को कटरा के व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। सवाल किया, रंगाई-पोताई का खर्च हम क्यों उठाएं। इस पर पीडीए ने कई लोगों को मकान ध्वस्तीकरण का नोटिस थमा दिया। व्यापारी बोले-कटरा, पीडीए से भी पुराना है। इसे गिराने की धमकी तानाशाही है। इसकी सीएम से शिकायत करेंगे।

विज्ञापन


महाकुंभ से पहले शहर के 14 मुख्य मार्गों को एक ही रंग में रंगे जाने का जिम्मा प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) को मिला है। एक महीने में यह काम पूरा होना है। हालांकि, 2019 में कुंभ से पहले भी कुछ मार्गों को एक ही रंग में रंगा गया था। तब, आम सहमति से सारे काम हुए थे और व्यापारियों ने इसमें बढ़-चढ़कर सहयोग किया था। इस बार बात अलग है।

कटरा में प्राधिकरण की टीम कई दिनों से व्यापारियों पर अपने प्रतिष्ठान और मकानों को एक रंग में रंगने को कह रही थी। दबाव बढ़ाने पर कई व्यापारी विरोध करने लगे। सवाल किया कि प्राधिकरण की तोड़फोड़ को ठीक कराने में पहले ही लाखों रुपये खर्च कर चुके हैं। अब मकान भी अपनी जेब से क्यों रंगवाएं।

विज्ञापन

प्रयागराज में महाकुंभ के मद्देनजर रंगे जा रहे मकान। - फोटो : अमर उजाला।
पीडीए टीम से व्यापारियों की नोंकझोंक

प्राधिकरण ने दबाव बढ़ाते हुए कटरा में जूता चप्पल की दुकान चलाने वाले यश अग्रवाल, कपड़ा विक्रेता अशोक कुमार केसरवानी, विनोद कुमार केसरवानी, अनुराग चतुर्वेदी, दीपक मिश्रा व नीलकमल चतुर्वेदी, सजावटी सामान विक्रेता अमित अग्रवाल, बेकरी की दुकान चलाने वाले मुश्ताक जकरी आदि को नोटिस देकर 28 अक्तूबर को तलब कर लिया है।

बुधवार को जबरन नोटिस देने को लेकर प्राधिकरण की टीम से कई व्यापारियों की नोकझोंक हो गई। नोटिस लेने से इन्कार पर कहीं उनके कर्मचारी को थमा आए तो कहीं दुकान-मकान में चस्पा कर दिया। विनोद केसरवानी को दिए नोटिस में उल्लेख है कि नोटिस लेने से इन्कार पर उनके मैनेजर को दिया गया है।

अपने खर्चे पर मकान को नहीं रंगवाएंगे व्यापारी

इसके खिलाफ पूर्व पार्षद और श्री कटरा उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल की अध्यक्षता में व्यापारियों की आपात बैठक हुई, जहां व्यापारियों ने खूब भड़ास निकाली। कहा, व्यापारियों को व्यावसायिक उपयोग और मकानों के नक्शे स्वीकृत नहीं कराने पर ध्वस्तीकरण का नोटिस दिया जा रहा है। यह नोटिस मकानों का अपने खर्चे पर रंग नहीं कराने पर धमकी जैसी कार्रवाई है।

साथ ही, सरकार को बदनाम करने का कुचक्र भी है। आनंद अग्रवाल ने कहा कि कटरा शहर का प्राचीनतम मोहल्ला है। यह तब से है, जब प्राधिकरण का जन्म भी नहीं हुआ था। यहां धमकी देकर रंग-रोगन का दबाव डाला तो व्यापारी सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे। जरूरत हुई तो अदालत में जनहित याचिका भी दायर करेंगे। मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजेंगे। वहीं, प्राधिकरण के जोनल अधिकारी का कहना है कि रंग-रोगन के लिए किसी पर दबाव नहीं डाला जा रहा है। लोगों को इसके लिए प्रेरित किया गया है। अवैध निर्माण करने वालों को जरूर नियमानुसार नोटिस दिया गया है।
विज्ञापन

ग्रीन वैली के छह डुप्लेक्स भवन सील

अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रयागराज विकास प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को ग्रीन वैली के छह डुप्लेक्स सील कर दिए। जोन- 2 के जोनल अधिकारी आलोक गुप्ता ने बताया कि शाहा उर्फ पीपलगांव में ग्रीन वैली काॅलोनी बनाई गई है। इसके विकासकर्ता मीरा राय हैं। उन्होंने ग्रीन वैली की गली नंबर 11 में बिना नक्शा स्वीकृत कराए छह डुप्लेक्स का निर्माण करवा दिया है। वह अवैध निर्माण है। पीडीए के सहायक अभियंता अनिल कुमार सिंह, सुपरवाइजर विशाल कुमार और प्रवर्तन टीम ने डुप्लेक्स सील कर दिया है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें