हाथरस की घटना के विरोध में प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
प्रयागराज। हाथरस की घटना की निंदा करते हुए बेटी और उसके परिवारीजनों को न्याय, सुरक्षा दिलाने के लिए नगर निगम सफाई मजदूर यूनियन ने मंगलवार को जुलूस निकालकर हुंकार भरी। नगर निगम से शुरू जुलूस में शामिल लोगों ने नारेबाजी करते हुए सरकार को भी कोसा।
यूनियन अध्यक्ष प्रदीप की अगुवाई में सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम से पत्थर गिरजाघर होते हुए सुभाष चौराहा फिर वहां से हाईकोर्ट चौराहे पर स्थित अंबेडकर प्रतिमा स्थल तक जुलूस निकाला। यहां हुई सभा में अध्यक्ष प्रदीप ने कहा कि हाथरस में हुई घटना के बाद सरकार और उसके नुमाइंदों की कार्यशैली निंदनीय है।
वक्ताओं ने प्रस्ताव पारित कर कहा कि प्रदेश सरकार को इस घटना के बाद नैतिक आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। जुलूस और सभा में बृजमोहन लाल, जगन लाल, जीतराज, धर्मेंद्र, हरेंद्र, रंगा, श्यामबाबू, दिग नरायाण, शंकर, राम प्रवेश, रघुनाथ, राजू, लता, कमला, राजन समेत बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे।